June 30, 2026

पंजाब में मां ने अपने 3 बच्चों को नहर में फेंककर दी दर्दनाक मौत

खुद भी सुसाइड करने कूदी

रोपड़, पंजाब के रोपड़ जिले में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां मोहाली निवासी एक मां ने अपने तीन मासूम बच्चों को नहर में फेंक दिया। घटना के बाद महिला ने भी नहर में छलांग लगाकर आत्महत्या का प्रयास किया, लेकिन वह तैरकर किनारे आ गई, जिसके बाद पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया। मामले में तीनों बच्चों की मौत हो चुकी है। अब तक दो बच्चों के शव बरामद किए जा चुके हैं, जबकि तीसरे बच्चे की तलाश जारी है।

आरोपी महिला की पहचान शकुंतला उर्फ सुमन के रूप में हुई है, जो मोहाली के मटौर इलाके की रहने वाली है। पुलिस के अनुसार महिला ने अपने 10 वर्षीय तपिश, 7 वर्षीय तनवी और 4 वर्षीय नितिन को नहर में फेंक दिया। शुरुआती पूछताछ में महिला ने स्वयं बच्चों को नहर में फेंकने की बात स्वीकार की, जिसके बाद गोताखोरों की टीम को मौके पर बुलाया गया। देर रात तक चले अभियान में दो बच्चों के शव बरामद हुए, जबकि सबसे छोटे बच्चे की तलाश मंगलवार को भी जारी रही।

परिजनों के मुताबिक, सोमवार शाम जब वे काम से घर लौटे तो शकुंतला और तीनों बच्चे घर से गायब थे। काफी तलाश के बाद पुलिस को सूचना दी गई। जांच के दौरान महिला के मोबाइल की लोकेशन रोपड़ में मिली, जिसके आधार पर पुलिस नहर के पास पहुंची और उसे वहीं से हिरासत में ले लिया। मृतक बच्चों के दादा रामबाबू ने आरोप लगाया कि पिछले कुछ समय से शकुंतला का व्यवहार सामान्य नहीं था। उनका कहना है कि वह कई बार बच्चों को नुकसान पहुंचाने जैसी बातें करती थी और घरेलू विवाद भी लगातार होते रहते थे। हालांकि परिवार को कभी अंदाजा नहीं था कि वह इतना बड़ा कदम उठा लेगी।

परिवार के अनुसार, करीब दस महीने पहले शकुंतला के पति कमल ने भी आत्महत्या कर ली थी। इसके बाद परिवार आर्थिक और मानसिक संकट से गुजर रहा था। घर की जिम्मेदारी बुजुर्ग दादा पर आ गई थी, जो मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण कर रहे थे। पुलिस पूरे मामले की विभिन्न पहलुओं से जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *