June 26, 2026

केदारनाथ-बदरीनाथ समेत पूरे उत्तराखंड को दहलाने की साजिश

मोरक्को से आया बम धमाकों का खौफनाक ईमेल

देहरादून,उत्तराखंड के प्रमुख धार्मिक स्थलों और पुलिस थानों को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद खुफिया एजेंसियों की नींद उड़ गई है। बदरीनाथ-केदारनाथ धाम, हरिद्वार और मसूरी समेत कई अहम जगहों को दहलाने की साजिश के तार अब विदेशों से जुड़ते नजर आ रहे हैं। एसटीएफ की साइबर कमांडो टीम ने जब इस खौफनाक ईमेल की तकनीकी जांच की, तो पता चला कि यह धमकी उत्तरी अफ्रीकी देश मोरक्को से भेजी गई थी। चौंकाने वाली बात यह है कि इस पूरी साजिश के पीछे अमेरिकी कनेक्शन होने की भी गहरी आशंका जताई जा रही है।

एसएसपी एसटीएफ अजय सिंह ने इस हाई-प्रोफाइल मामले की जानकारी देते हुए बताया कि तकनीकी जांच के दौरान धमकी भरे ईमेल का आईपी एड्रेस मोरक्को का पाया गया है। इसके अलावा जांच में कुछ ऐसे अहम तकनीकी सुराग भी हाथ लगे हैं जो सीधा इशारा करते हैं कि ईमेल भेजने वाला संदिग्ध व्यक्ति अमेरिका का निवासी हो सकता है। इस खतरनाक ईमेल में देश के केंद्रीय गृह मंत्री और मुख्यमंत्री का भी जिक्र किया गया था। मामला बेहद संवेदनशील होने और इसका विदेशी कनेक्शन सामने आने के बाद एसटीएफ ने केंद्रीय जांच और खुफिया एजेंसियों के साथ समन्वय बनाकर जांच का दायरा काफी बड़ा कर दिया है। साइबर एक्सपर्ट्स की टीम अब यह पता लगाने में जुटी है कि क्या इसके पीछे किसी अंतरराष्ट्रीय संगठित नेटवर्क की भूमिका तो नहीं है।

आपको बता दें कि बीते 22 जून को एक ईमेल के जरिए बदरीनाथ-केदारनाथ समेत उत्तराखंड के सभी पुलिस थानों, मसूरी नगर पालिका और हरिद्वार नगर निगम कार्यालयों के साथ-साथ कई धार्मिक स्थलों को बम से उड़ाने की धमकी दी गई थी। इस धमकी के मिलते ही पुलिस और प्रशासन में भारी हड़कंप मच गया। खतरे की गंभीरता को देखते हुए मसूरी नगर पालिका परिसर को आनन-फानन में खाली करवा लिया गया। वहीं, हरिद्वार में बम निरोधक दस्ते और डॉग स्क्वॉयड ने तुरंत मौके पर पहुंचकर निगम परिसर के चप्पे-चप्पे की सघन चेकिंग की। प्रशासन लगातार अलर्ट मोड पर है और हर संदिग्ध गतिविधि पर नजर रखी जा रही है।

विदेशी ईमेल के अलावा सोशल मीडिया पर भी उत्तराखंड पुलिस को सीधे तौर पर ललकारा गया था। देहरादून के एसएसपी प्रमेंद्र सिंह डोबाल ने बताया कि एक इंस्टाग्राम अकाउंट से बेहद भड़काऊ और धमकी भरी पोस्ट की गई, जिसमें खुलेआम लिखा गया कि ‘मैं उत्तराखंड पुलिस को चैलेंज करता हूं, जितने भी उत्तराखंड में थाने हैं, मैं 25 जून 2026 को धमाका करूंगा।’ इस दुस्साहसिक मामले में मंगलवार को उपनिरीक्षक रवि प्रसाद कवि की ओर से तुरंत केस दर्ज कर लिया गया है। पुलिस की प्रारंभिक जांच में इस धमकी देने वाले मोबाइल नंबर और प्रोफाइल के पीछे बैठे व्यक्ति की पहचान हरियाणा के अंबाला निवासी जसप्रीत सिंह के रूप में हुई है, जिसके खिलाफ अब कड़ा एक्शन लिया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *