शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य के लिए योग को जीवन का नियमित हिस्सा बनाएं: राहुल कुमार
लुहणू में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर आयोजित कार्यक्रम में उपायुक्त ने बतौर मुख्य अतिथि की शिरकत
बिलासपुर, अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर लुहणू खेल मैदान परिसर में जिला आयुष, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता तथा डीएवी पब्लिक स्कूल, बिलासपुर के संयुक्त तत्वावधान में कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में उपायुक्त बिलासपुर राहुल कुमार ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। इस दौरान उपस्थित लोगों को योग की विभिन्न क्रियाओं का अभ्यास करवाया गया तथा योग के महत्व पर प्रकाश डाला गया।
इस अवसर पर उपायुक्त राहुल कुमार ने कहा कि योग को जीवन का नियमित हिस्सा बना लेना चाहिए। योग न केवल व्यक्ति को शारीरिक और मानसिक रूप से स्वस्थ एवं सशक्त बनाता है, बल्कि किसी भी कार्य के प्रति उसकी लगन, एकाग्रता और कार्यक्षमता में भी वृद्धि करता है। उन्होंने कहा कि नियमित योगाभ्यास से जहां बच्चों का समुचित शारीरिक एवं मानसिक विकास सुनिश्चित होता है, वहीं युवा पीढ़ी भी नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से स्वयं को दूर रख सकती है।
उन्होंने वर्तमान युवा पीढ़ी को नशे जैसी गंभीर सामाजिक समस्या के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने तथा उन्हें योग एवं खेल गतिविधियों से जोड़ने पर बल दिया। उन्होंने कहा कि इससे न केवल व्यक्ति को शारीरिक और मानसिक रूप से स्वस्थ रहने में सहायता मिलेगी, बल्कि उसके सर्वांगीण विकास को भी बढ़ावा मिलेगा।
उपायुक्त ने योग दिवस कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए आयुष विभाग तथा डीएवी पब्लिक स्कूल, बिलासपुर का आभार व्यक्त किया तथा आशा जताई कि इस कार्यक्रम के माध्यम से अधिक से अधिक लोग योग से जुड़कर इसे अपने जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाएंगे।
इससे पूर्व उपायुक्त ने भगवान धन्वंतरि की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
उन्होंने इस अवसर पर उपस्थित लोगों एवं विद्यार्थियों को नशा मुक्ति की शपथ भी दिलाई तथा हस्ताक्षर अभियान का शुभारंभ किया।
जिला आयुष अधिकारी सुखविंदर कौर तथा डीएवी पब्लिक स्कूल, बिलासपुर की प्रधानाचार्या मोनिका वात्स्यायन ने मुख्य अतिथि एवं अन्य अतिथियों का स्वागत किया।
इस अवसर पर गुड़िया सक्षम बोर्ड की उपाध्यक्ष अरुणा महाजन, अतिरिक्त उपायुक्त ओम कांत ठाकुर, सहायक आयुक्त राज कुमार, सीएमओ डाॅ. शशिकांत शर्मा, जिला आयुष अधिकारी डाॅ. सुखविंदर कौर, जिला कल्याण अधिकारी रमेश बंसल, जिला खेल अधिकारी उत्तम डोड, उपनिदेशक कृषि कुलभूषण धीमान, प्रधानाचार्या डीएवी पब्लिक स्कूल मोनिका वात्स्यायन सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि, डीएवी विद्यालय के अध्यापक तथा विद्यार्थी उपस्थित रहे।
