तृणमूल कांग्रेस अब इतिहास बन चुकी है: भाजपा
ममता बनर्जी पर भाजपा का हमला
कोलकाता, पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री और तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) प्रमुख ममता बनर्जी द्वारा भवानीपुर विधानसभा सीट के चुनाव परिणाम को लेकर हाईकोर्ट में दायर याचिका पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। पश्चिम बंगाल सरकार की मंत्री अग्निमित्रा पॉल ने कहा कि इससे कोई फर्क नहीं पड़ता। चुनाव पूरी तरह पारदर्शी तरीके से संपन्न हुए थे और जनता का जनादेश स्पष्ट रूप से पार्टी के पक्ष में आया है। ममता बनर्जी द्वारा चुनाव याचिका दायर करने को लेकर उन्होंने कहा- इससे क्या फर्क पड़ता है? पार्टी का कोई अस्तित्व नहीं है, पार्टी के दफ्तर नहीं हैं, सदस्य नहीं हैं। तो उनके जाने से क्या फर्क पड़ता है? अग्निमित्रा पॉल ने कहा कि जब विपक्ष चुनाव जीतता है तो सब कुछ ठीक माना जाता है लेकिन जब बीजेपी जीतती है तो ईवीएम चोरी और वोट चोरी जैसे आरोप लगाए जाते हैं। ममता बनर्जी पहले भी कई बार अदालत का दरवाजा खटखटा चुकी हैं और इस बार भी उन्हें अदालत जाने का पूरा अधिकार है, लेकिन इसका कोई फायदा नहीं होगा।
उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल की जनता ने जो जनादेश दिया है, उसके बाद किसी और प्रमाण की आवश्यकता नहीं है। उन्होंने दावा किया कि तृणमूल कांग्रेस अब राजनीतिक रूप से कमजोर हो चुकी है और इतिहास का हिस्सा बनती जा रही है। उन्होंने कहा कि बीजेपी ऐसे मुद्दों पर समय बर्बाद नहीं करना चाहती जो अब इतिहास के पन्नों तक सीमित हो चुके हैं।
वहीं, पटना में भाजपा विधायक मंगल पांडे ने भी ममता बनर्जी के आरोपों को खारिज किया। उन्होंने कहा कि चुनाव पूरी तरह पारदर्शी और निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराए गए थे, जिसे देश ही नहीं बल्कि पूरी दुनिया ने देखा है। मंगल पांडेय ने कहा कि पूरा चुनाव आयोग की निगरानी में संपन्न हुआ। मतदान के दिन मीडिया भी विभिन्न मतदान केंद्रों और क्षेत्रों में मौजूद था। कहीं भी किसी प्रकार की अनियमितता की शिकायत सामने नहीं आई और पूरी प्रक्रिया सुचारु रूप से संपन्न हुई।
उन्होंने आरोप लगाया कि ममता बनर्जी राजनीतिक विवाद पैदा करके सुर्खियों में बने रहने की कोशिश कर रही हैं।
