June 14, 2026

स्कूल संचालिका की शिमला में गोली मारकर हत्या

इलाके में दहशत का माहौल

शिमला, राजधानी शिमला के संजौली इलाके में देर शाम एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक नामी स्कूल की एडमिनिस्ट्रेटर की गोली मारकर हत्या कर दी गई।इस वारदात से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, संजौली स्थित हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी में सरस्वती पैराडाइज इंटरनेशनल पब्लिक स्कूल के गेट पर शनिवार देर शाम यह घटना हुई। हमलावर स्कूल के गेट पर पहुंचे और अंधाधुंध फायरिंग कर दी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हमलावरों ने महिला पर तीन गोलियां चलाईं, जिसमें से एक गोली सीधे उनके सिर में लगी। चोट इतनी गंभीर थी कि महिला ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। मृतका की पहचान मीनाक्षी मित्तल के रूप में हुई है, जो स्कूल में बतौर एडमिनिस्ट्रेटर कार्यरत थीं।घटना की सूचना मिलते ही पुलिस की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और पूरे क्षेत्र को सील कर दिया। पुलिस के अनुसार, अज्ञात हमलावरों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों की धरपकड़ के लिए विशेष पुलिस टीमें गठित की गई हैं और पूरे क्षेत्र में एक व्यापक सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है।

पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने की प्रक्रिया तेज कर दी है। पुलिस के आधिकारिक बयान के मुताबिक, जांच को आगे बढ़ाने के लिए आसपास के इलाकों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। साथ ही, तकनीकी सबूतों की मदद से हमलावरों की पहचान करने और उनके भागने के रास्तों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है। फिलहाल, हत्या के पीछे के कारणों का पता नहीं चल पाया है, लेकिन पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *