June 14, 2026

मुख्यमंत्री सुख आश्रय योजना के तहत जिला बिलासपुर में 154 बच्चों को मिला लाभ : राजेश धर्माणी

मुख्यमंत्री सुख आश्रय योजना के दो नए लाभार्थियों को तकनीकी शिक्षा मंत्री ने बांटे पात्रता प्रमाणपत्र

बिलासपुर नगर व ग्राम नियोजन, आवास, तकनीकी शिक्षा, व्यावसायिक एवं औद्योगिक प्रशिक्षण मंत्री राजेश धर्माणी ने मुख्यमंत्री सुख आश्रय योजना के अंतर्गत दो नए पात्र लाभार्थियों को पात्रता प्रमाणपत्रों का आवंटन किया। लाभार्थियों में घुमारवीं विधानसभा क्षेत्र के गांव छत के हाफिज तथा हासिफ शामिल हैं। इन दोनों लाभार्थियों को अब प्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी मुख्यमंत्री सुख आश्रय योजना के अंतर्गत चलाए जा रहे विभिन्न घटकों का लाभ मिलेगा।

इस मौके पर तकनीकी शिक्षा मंत्री राजेश धर्माणी ने कहा कि जिला बिलासपुर में मुख्यमंत्री सुख आश्रय योजना के अंतर्गत वित्तीय वर्ष 2025-26 के दौरान 154 पात्र बच्चों को लाभान्वित करते हुए लगभग 1.69 करोड़ रूपये की धनराशि व्यय की गई है। उन्होंने कहा कि इस योजना के अंतर्गत सामाजिक सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए 154 लाभार्थियों को 82.91 लाख रुपये से अधिक की आर्थिक सहायता प्रदान की गई। इसके अतिरिक्त 15 लाभार्थियों को विवाह अनुदान के रूप में 30 लाख रुपये तथा 16 लाभार्थियों को गृह निर्माण सहायता के लिए 29 लाख रुपये उपलब्ध कराए गए हैं।

उन्होंने कहा कि इन निराश्रित बच्चों को उच्च शिक्षा हासिल करने के लिए 12 पात्र लाभार्थियों को 7.41 लाख रुपये जबकि व्यावसायिक शिक्षा के लिए 5 लाभार्थियों को लगभग 88 हजार रुपये प्रदान किए गए हैं। उन्होंने कहा कि इन बच्चों एवं युवाओं को आत्मनिर्भर तथा रोजगारोन्मुख बनाने के उद्देश्य से कोचिंग सहायता के अंतर्गत एक लाभार्थी को 1.18 लाख रुपये तथा सूक्ष्म उद्यम (स्टार्टअप) स्थापित करने के लिए 6 लाभार्थियों को 7.40 लाख रुपये की आर्थिक मदद प्रदान की गई है। इसके साथ ही आफ्टर केयर घटक के अंतर्गत 4 पात्रों को 2.32 लाख रुपये से अधिक की सहायता प्रदान की गई, जिससे वह स्वतंत्र जीवन की ओर अग्रसर हो सकें।

राजेश धर्माणी ने कहा कि मुख्य मंत्री सुख आश्रय योजना के योजना के अंतर्गत बच्चों के सर्वांगीण विकास एवं सामाजिक सहभागिता को भी विशेष महत्व देते हुए पात्र 37 लाभार्थियों को 1.54 लाख रुपये त्यौहार ग्रांट के तौर पर उपलब्ध करवाए हैं। इसके अतिरिक्त वस्त्र भत्ता के रूप में 34 लाभार्थियों को 1.70 लाख रुपये, पोषण सहायता के लिए 34 लाभार्थियों को 1.81 लाख रुपये तथा विविध आवश्यकताओं की पूर्ति के लिए 34 लाभार्थियों को 1.19 लाख रुपये प्रदान किए गए हैं। इसके अतिरिक्त 22 लाभार्थियों को एक्सपोजर विजिट कार्यक्रम के माध्यम से लगभग एक लाख रुपये की राशि व्यय की गई है।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू के नेतृत्व में मुख्यमंत्री सुख आश्रय योजना प्रदेश सरकार की उस संवेदनशील सोच का प्रतीक है, जिसके माध्यम से समाज के उस वर्ग को सामाजिक एवं आर्थिक सुरक्षा प्रदान करते पात्र बच्चों एवं युवाओं का सम्मानजनक, सुरक्षित एवं आत्मनिर्भर जीवन सुनिश्चित बनाना है। राज्य सरकार के इस अहम निर्णय से प्रदेश के लगभग 6 हजार निराश्रित बच्चों को ’चिल्ड्रन ऑफ दि स्टेट‘ का दर्जा प्रदान करते हुए प्रदेश सरकार माता-पिता की भूमिका निभाते हुए उनके समग्र विकास, उत्थान व कल्याण के लिए निरंतर कार्यरत है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *