सांसद मोबाइल स्वास्थ्य सेवा एवं स्वस्थ खंड हरोली द्वारा बट खुर्द में निक्षय शिविर आयोजित
रजनी, हरोली। पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं हमीरपुर संसदीय क्षेत्र के सांसद अनुराग सिंह ठाकुर के मार्गदर्शन तथा प्रयास सोसाइटी के सहयोग से संचालित सांसद मोबाइल स्वास्थ्य सेवा एवं स्वस्थ खंड हरोली के संयुक्त तत्वावधान में ग्राम पंचायत बट खुर्द में विशेष निक्षय शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लेकर निःशुल्क स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया।
शिविर के दौरान कुल 103 लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया तथा 95 लैब जांचें एवं एक्स-रे सेवाएं निःशुल्क उपलब्ध करवाई गईं। इसके अतिरिक्त मरीजों को आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श, निःशुल्क दवाइयां एवं स्वास्थ्य संबंधी मार्गदर्शन भी प्रदान किया गया।
शिविर में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने लोगों को टीबी के लक्षणों, समय पर जांच, नियमित उपचार, सरकारी स्वास्थ्य सुविधाओं तथा रोग से बचाव के उपायों के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी। साथ ही लोगों से टीबी के प्रति जागरूक रहने और किसी भी संदिग्ध लक्षण की स्थिति में तुरंत स्वास्थ्य जांच करवाने का आग्रह किया गया।
इस अवसर पर डॉ. प्रदीप कुमार, सीएचओ मनप्रीत, एसटीएस सतीश कुमार, गुलशन कुमार, निहाल सिंह, मनीष, आशा वर्कर्स एवं आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं ने अपनी सेवाएं प्रदान कीं। सभी ने टीबी मुक्त भारत अभियान को सफल बनाने तथा लोगों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
स्थानीय लोगों ने सांसद मोबाइल स्वास्थ्य सेवा एवं स्वस्थ खंड हरोली द्वारा गांव-गांव पहुंचकर दी जा रही स्वास्थ्य सुविधाओं की सराहना करते हुए कहा कि इस पहल से आमजन, विशेषकर बुजुर्गों, महिलाओं एवं जरूरतमंद लोगों को समय पर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध हो रही हैं। उन्होंने इस प्रकार के शिविरों को जनहित में अत्यंत उपयोगी एवं सराहनीय बताया।
शिविर के समापन पर स्वास्थ्य टीम ने लोगों से “टीबी हारेगा, देश जीतेगा” के संकल्प को साकार करने तथा टीबी मुक्त भारत अभियान को सफल बनाने में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की।
