June 10, 2026

भारत में बनेगा मेटा का पहला एआई डेटा सेंटर, रिलायंस के साथ साझेदारी

शेयरों में आया भारी उछाल

नई दिल्ली, सोशल मीडिया और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) क्षेत्र की दिग्गज कंपनी Meta ने भारत में अपना पहला AI-सक्षम डेटा सेंटर स्थापित करने के लिए रिलायंस इंडस्ट्रीज के साथ साझेदारी की है। यह अत्याधुनिक परियोजना गुजरात के जामनगर में विकसित की जाएगी और इसे भारत के डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।

इस घोषणा के बाद रिलायंस इंडस्ट्रीज के शेयरों में शुरुआती कारोबार के दौरान तेजी देखने को मिली। कंपनी का शेयर 1.53 प्रतिशत बढ़कर 1,289 रुपये तक पहुंच गया।

रिपोर्ट्स के अनुसार, रिलायंस इंडस्ट्रीज 168 मेगावाट क्षमता वाला आधुनिक डेटा सेंटर विकसित करेगी। परियोजना को अगले दो वर्षों में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है, जबकि भविष्य में इसकी क्षमता बढ़ाने की संभावना भी बनी रहेगी।

इस प्रोजेक्ट के तहत रिलायंस डेटा सेंटर की डिजाइनिंग, निर्माण, बिजली एवं यूटिलिटी प्रबंधन, नवीकरणीय ऊर्जा आपूर्ति, नेटवर्क कनेक्टिविटी और मैनेज्ड सर्विसेज सहित संपूर्ण इंफ्रास्ट्रक्चर सेवाएं उपलब्ध कराएगी।

यह समझौता Meta और रिलायंस के बीच पहले से मौजूद रणनीतिक संबंधों को और मजबूत करेगा। दोनों कंपनियां पूर्व में भी भारत तथा कुछ अंतरराष्ट्रीय बाजारों के लिए AI-आधारित एंटरप्राइज समाधान विकसित करने में सहयोग कर चुकी हैं।

रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन एवं प्रबंध निदेशक मुकेश अंबानी ने इस साझेदारी को भारत के डिजिटल विकास के लिए एक परिवर्तनकारी कदम बताया। उन्होंने कहा- मेटा जैसी वैश्विक प्रौद्योगिकी कंपनी के लिए भारत का पहला समर्पित एआई डेटा सेंटर विकसित करना इस बात का संकेत है कि भारत वैश्विक AI क्रांति में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने के लिए तैयार है। जामनगर भविष्य में हाइपरस्केल एआई कंप्यूटिंग का प्रमुख केंद्र बन सकता है।”

Meta के संस्थापक और मुख्य कार्यकारी अधिकारी मार्क जुकरबर्ग ने कहा कि कंपनी भारत में अपना पहला एआई-सक्षम डेटा सेंटर स्थापित करने को लेकर उत्साहित है। उनके अनुसार, “जामनगर में विकसित होने वाली यह विश्वस्तरीय सुविधा हमारी वैश्विक एआई इंफ्रास्ट्रक्चर क्षमता को मजबूत करेगी और भारत में हमारे दीर्घकालिक निवेश को नई दिशा देगी।

दुनियाभर में एआई तकनीक को लेकर प्रतिस्पर्धा लगातार तेज हो रही है। ऐसे में Meta का भारत में एआई डेटा सेंटर स्थापित करने का फैसला देश को वैश्विक एआई इकोसिस्टम में अधिक मजबूत स्थिति दिलाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

विशेषज्ञों का मानना है कि इस परियोजना से बड़े पैमाने पर निवेश आकर्षित होगा और डेटा सेंटर, क्लाउड कंप्यूटिंग, एआई अनुसंधान तथा डिजिटल सेवाओं के क्षेत्रों में रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *