June 8, 2026

नगर परिषद सरकाघाट के नवनिर्वाचित सदस्यों ने ली पद एवं गोपनीयता की शपथ

सरकाघाट, नगर परिषद सरकाघाट के नवनिर्वाचित सदस्यों का शपथ ग्रहण समारोह सोमवार को नगर परिषद सभागार में गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। समारोह की अध्यक्षता उपमंडलाधिकारी (ना.) सरकाघाट राजेन्द्र कुमार गौतम ने की। इस अवसर पर नगर परिषद सरकाघाट के कार्यकारी अधिकारी एवं तहसीलदार सरकाघाट मनीश कुमार सहित परिषद के अधिकारी एवं कर्मचारी भी उपस्थित रहे।
समारोह के दौरान उपमंडलाधिकारी (ना.) राजेन्द्र कुमार गौतम ने नगर परिषद के सातों वार्डों से निर्वाचित सात सदस्यों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। शपथ ग्रहण के उपरांत उन्होंने सभी नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधियों को शुभकामनाएं देते हुए जनहित, पारदर्शिता तथा विकासोन्मुख सोच के साथ कार्य करने का आह्वान किया।
अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि नगर परिषद के निर्वाचित सदस्य स्थानीय स्वशासन की महत्वपूर्ण कड़ी हैं और नगर के विकास में उनकी भूमिका अत्यंत अहम है। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों को अपने-अपने वार्डों की आवश्यकताओं, समस्याओं एवं जन अपेक्षाओं को प्राथमिकता देते हुए कार्य करना चाहिए, ताकि नगर को स्वच्छ, सुंदर, सुव्यवस्थित एवं विकासशील बनाया जा सके।
उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि सभी नवनिर्वाचित सदस्य जनता की आकांक्षाओं पर खरा उतरते हुए नगर के समग्र विकास तथा जनकल्याण के लिए समर्पित भाव से कार्य करेंगे।
समारोह के अंत में एसडीएम ने प्रशासन की ओर से सभी नवनिर्वाचित सदस्यों को बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए उनके सफल, जनहितैषी एवं विकासोन्मुख कार्यकाल की कामना की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *