June 7, 2026

चार दिवसीय जिला स्तरीय श्री सिद्ध पीठ बाबा क्यालू महाराज दंगल का भव्य समापन

कृषि मंत्री प्रो. चन्द्र कुमार ने भेजा शुभकामना संदेश, दंगल कमेटी को दिए 51 हजार रुपये

इंदौरा, इंदौरा विधानसभा क्षेत्र के गंगथ में आयोजित चार दिवसीय जिला स्तरीय श्री सिद्ध पीठ बाबा क्यालू महाराज दंगल का आज भव्य समापन हुआ। समापन समारोह की अध्यक्षता स्थानीय विधायक मलेंद्र राजन ने की। इस अवसर पर सांसद राजीव भारद्वाज वशिष्ठ अतिथि तथा विधायक रणवीर सिंह निक्का विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
दंगल कमेटी द्वारा पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार प्रदेश के कृषि एवं पशुपालन मंत्री प्रो. चन्द्र कुमार को मुख्यातिथि के रूप में आमंत्रित किया गया था, लेकिन व्यस्त सरकारी कार्यक्रमों के चलते वे समारोह में उपस्थित नहीं हो सके। उन्होंने आयोजन समिति एवं क्षेत्रवासियों को अपनी शुभकामनाएं एवं आशीर्वाद प्रेषित किए तथा दंगल के सफल आयोजन के लिए 51 हजार रुपये की सहयोग राशि प्रदान की।
अध्यक्षीय संबोधन में विधायक मलेंद्र राजन ने कहा कि बाबा क्यालू महाराज दंगल क्षेत्र की सांस्कृतिक विरासत, सामाजिक एकता और खेल भावना का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन युवाओं को खेलों के प्रति प्रेरित करने के साथ-साथ उन्हें नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रखने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने दंगल कमेटी द्वारा सफल आयोजन के लिए किए गए प्रयासों की सराहना करते हुए सभी पदाधिकारियों एवं सदस्यों को बधाई दी।
विधायक ने कहा कि प्रदेश सरकार खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने तथा खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि गंगथ में लगभग 1 करोड़ 50 लाख रुपये की लागत से बनने वाले दंगल स्टेडियम का निर्माण कार्य प्रगति पर है। उन्होंने पहलवानों से खेल भावना के साथ आगे बढ़ने और प्रदेश व देश का नाम रोशन करने का आह्वान किया।
दंगल के अंतिम दिन बड़ी संख्या में खेल प्रेमी और श्रद्धालु गंगथ पहुंचे। विभिन्न वर्गों के मुकाबले जारी रहे, जबकि फाइनल मुकाबले और पुरस्कार वितरण समारोह शाम को आयोजित किए जाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *