June 6, 2026

15 साल के वैभव सूर्यवंशी को मिला टीम इंडिया में मौका

सचिन तेंदुलकर का तोड़ा 37 साल पुराना रिकॉर्ड

नई दिल्ली, भारतीय क्रिकेट के उभरते सितारे वैभव सूर्यवंशी ने महज 15 वर्ष की उम्र में एक ऐसा कीर्तिमान स्थापित कर दिया है, जिसकी पूरे देश में चर्चा हो रही है। शनिवार को घोषित भारतीय टीम में चयन के साथ ही वैभव सबसे कम उम्र में राष्ट्रीय टीम में जगह पाने वाले खिलाड़ी बन गए हैं। उन्हें आयरलैंड और इंग्लैंड दौरे के लिए भारतीय टी20 टीम में शामिल किया गया है, वहीं आगामी एशियाई खेलों के लिए भी उनका चयन हुआ है।

इस उपलब्धि के साथ वैभव ने भारतीय क्रिकेट के महान बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर का 37 वर्ष पुराना रिकॉर्ड पीछे छोड़ दिया है। सचिन को 1989 में पाकिस्तान दौरे के लिए भारतीय टीम में चुना गया था, तब उनकी उम्र 16 वर्ष से अधिक थी। वहीं वैभव को 15 वर्ष की उम्र में ही राष्ट्रीय टीम का हिस्सा बनने का गौरव हासिल हुआ है।

वैभव सूर्यवंशी ने पिछले कुछ वर्षों में अंडर-19 क्रिकेट और घरेलू प्रतियोगिताओं में लगातार शानदार प्रदर्शन किया। उनकी आक्रामक बल्लेबाजी और बड़े मंच पर दबाव झेलने की क्षमता ने चयनकर्ताओं को प्रभावित किया। यही वजह रही कि कम उम्र के बावजूद उन्हें सीधे राष्ट्रीय टीम में मौका दिया गया।

क्रिकेट विशेषज्ञों का मानना है कि वैभव में लंबी रेस का खिलाड़ी बनने की क्षमता है और वह आने वाले वर्षों में भारतीय क्रिकेट की नई पहचान बन सकते हैं।

आईपीएल 2026 वैभव सूर्यवंशी के लिए यादगार साबित हुआ। राजस्थान रॉयल्स की ओर से खेलते हुए युवा सलामी बल्लेबाज ने 16 मैचों में 776 रन बनाकर पूरे टूर्नामेंट में सबसे अधिक रन बनाने का कारनामा किया। शानदार प्रदर्शन के दम पर उन्होंने ऑरेंज कैप अपने नाम की और सबसे कम उम्र में यह उपलब्धि हासिल करने वाले खिलाड़ी बने।

उनकी बल्लेबाजी के दम पर उन्हें टूर्नामेंट का मोस्ट वैल्यूएबल प्लेयर और इमर्जिंग प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट पुरस्कार भी मिला। खास बात यह रही कि एक ही सीजन में दोनों पुरस्कार जीतने वाले वह पहले खिलाड़ी बने।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *