गर्मी के मौसम में बिजली, पेयजल व स्वास्थ्य सेवाओं की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करें – उपायुक्त अखिल पिलानी
- उपायुक्त अखिल पिलानी ने समाधान शिविर व सीएम विंडो की लंबित शिकायतों की समीक्षा की
नूंह, – उपायुक्त अखिल पिलानी ने कहा कि गर्मी के मौसम को देखते हुए जिले में बिजली, पेयजल एवं स्वास्थ्य सेवाओं की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। संबंधित विभाग यह सुनिश्चित करें कि आमजन को आवश्यक सेवाओं की उपलब्धता में किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
उपायुक्त लघु सचिवालय स्थित सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। बैठक में समाधान शिविर, सीएम विंडो तथा अन्य माध्यमों से प्राप्त लंबित शिकायतों पर की जा रही कार्रवाई की समीक्षा की गई। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी समय-समय पर समाधान शिविर, सीएम विंडो एवं अन्य माध्यमों से प्राप्त शिकायतों की समीक्षा करते हैं। इसलिए सभी विभाग लंबित शिकायतों का गंभीरता से संज्ञान लेते हुए उनका समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करें। अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई की स्पष्ट रूपरेखा तैयार कर प्रभावी ढंग से शिकायतों का निस्तारण करना चाहिए।
उपायुक्त ने शहरी क्षेत्रों में अतिक्रमण संबंधी मामलों का त्वरित समाधान करने तथा नियमित अभियान चलाकर अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नालों एवं सीवरों की नियमित सफाई करवाई जाए तथा स्वच्छता एवं कूड़ा उठान संबंधी कार्यों की सतत निगरानी की जाए। कचरे का वैज्ञानिक तरीके से निपटान सुनिश्चित किया जाए तथा किसी भी स्थान पर कूड़े में आग न लगाई जाए।
उन्होंने कहा कि सरकार जनहित से जुड़ी समस्याओं के समाधान के लिए प्रतिबद्ध है। इसी उद्देश्य से समाधान शिविर एवं सीएम विंडो जैसे प्रभावी मंच उपलब्ध कराए गए हैं, जहां शिकायतों की पूरी प्रक्रिया ऑनलाइन दर्ज होती है। सभी विभागीय अधिकारी प्राप्त शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई करें तथा कार्रवाई रिपोर्ट (एटीआर) समय पर पोर्टल पर अपलोड करना सुनिश्चित करें। साथ ही इन पोर्टलों की नियमित निगरानी भी की जाए। उपायुक्त ने कहा कि शिकायतों का समयबद्ध निस्तारण सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। इसलिए सभी अधिकारी पूर्ण तैयारी, आवश्यक अभिलेखों एवं अद्यतन जानकारी के साथ बैठकों में भाग लें तथा शिकायतों के समाधान में किसी प्रकार की लापरवाही न बरतें। बैठक में अतिरिक्त उपायुक्त ज्योति सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
