हिमाचल में पुलिस हिरासत से आरोपी के फरार होने पर दो कांस्टेबल निलंबित
बिलासपुर, हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर से कांग्रेस के पूर्व विधायक बंबर ठाकुर पर गोली चलाने का आरोपी अदालत में सुनवाई से लौटते समय पुलिस हिरासत से फरार हो गया। पुलिस ने बताया कि उसके साथ मौजूद पुलिस के दो कांस्टेबलों को कर्तव्य में लापरवाही के आरोप में निलंबित कर दिया गया।
बंबर ठाकुर पर गोलीबारी के सिलसिले में पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए गए चार आरोपियों में से एक अजय 15 मई को दिल्ली-हरियाणा सीमा पर टिकरी के पास पुलिस हिरासत से फरार हो गया। पुलिस ने बृहस्पतिवार को उसके फरार होने की पुष्टि की। बिलासपुर के पुलिस अधीक्षक संदीप धवल ने बताया, “आरोपी के साथ मौजूद दो कांस्टेबलों को कर्तव्य में लापरवाही के लिए निलंबित कर दिया गया और उनके खिलाफ विभागीय जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस ने बताया कि अजय को एक मामले की सुनवाई के लिए दिल्ली ले जाया गया था और सुनवाई समाप्त होने के बाद पुलिस का एक दल उसे बस से बिलासपुर जेल वापस ला रहा था कि तभी दिल्ली-हरियाणा सीमा पर टिकरी के पास से अजय फरार हो गया।
पुलिस ने बताया कि दोनों कांस्टेबल अजय के दोस्त बन गए थे और उसके घर भी गए थे। पुलिस के मुताबिक, दिल्ली, हरियाणा और हिमाचल प्रदेश की पुलिस फरार आरोपी को पकड़ने के लिए समन्वय कर रही है।
