May 29, 2026

पंजाब निकाय चुनाव : ‘आप’ ने जीतीं 89 सीटें और 78 सीटों पर बनाई बढ़त

अकालियों ने जीतीं 25

चंडीगढ़, पंजाब में 27 मई को निकाय चुनाव हुए थे। आज 8 नगर निगमों, 75 नगर कौंसिलों और 20 नगर पंचायतों के चुनावों के लिए मतगणना जारी है। जानकारी के मुताबिक समाना नगर काउंसिल में 35 मिनट देरी से काउंटिंग शुरू हुई।

बता दें राज्य में कुल 115 काउंटिंग सेंटर बनाए गए हैं। मतगणना के दौरान किसी भी अप्रिय घटना से निपटने के लिए सुरक्षा व्यवस्था कड़ी की गई है। सभी सेंटरों में सुरक्षा घेरा बनाया गया है, ताकि किसी भी अनाधिकृत व्यक्ति का प्रवेश रोका जा सके।

आम आदमी पार्टी (आप ) 89 सीटें जीत चुकी है, जबकि 78 सीटों पर पार्टी के उम्मीदवार आगे चल रहे हैं। वहीं, चुनाव में खड़े हुए आजाद उम्मीदवार 23 सीटें जीत चुके हैं और 33 सीटों पर बढ़त बनाए हुए हैं। अब तक अकाली दल के 25 उम्मीदवार चुनाव जीत चुके हैं, जबकि 23 सीटों पर पार्टी कैंडिडेट आगे चल रहे हैं।

कांग्रेस अब तक 16 सीटें जीत चुकी है और 25 सीटों पर बढ़त बनाए हुए है। बीजेपी दो सीटों पर जीत दर्ज कर चुकी है, जबकि 11 सीटों पर उम्मीदवार आगे चल रहे हैं। वहीं, बसपा भी एक सीट पर बढ़त बनाए हुए है।

केवल पासधारी उम्मीदवारों और उनके काउंटिंग एजेंटों को ही अंदर जाने की अनुमति दी गई है। स्ट्रॉन्ग रूम और काउंटिंग सेंटरों की निगरानी सीसीटीवी कैमरों की मदद से की जा रही है और सुरक्षा के लिए भारी पुलिस बल तैनात है। पूरी व्यवस्था तीन स्तरीय सुरक्षा घेरे के बीच की गई है, जिसकी जिम्मेदारी संबंधित जिलों के एसएसपी संभाल रहे हैं।

चुनाव आयोग के अनुसार, एक राउंड में एक वार्ड के वोटों की गिनती पूरी की जाएगी। राज्य चुनाव आयुक्त राज कमल चौधरी ने उम्मीद जताई है कि दोपहर 12 बजे तक नगर निगमों, नगर कौंसिल और नगर पंचायतों के अधिकतर नतीजे सामने आ जाएंगे। हर काउंटिंग सेंटर पर 10 से 14 टेबल लगाई गई हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *