May 27, 2026

ज्ञान भारतम मिशन ऐप पर उपलब्ध पांडुलिपियों को अपलोड करें,

भारतीय संस्कृति और इतिहास के संरक्षण की दिशा में ज्ञान भारतम मिशन अभूतपूर्व पहल साबित हो रहा है। इस अभियान का मुख्य मकसद अलग-अलग स्थानों पर उपलब्ध प्राचीन पांडुलिपियों का सर्वेक्षण, वैज्ञानिक संरक्षण, दस्तावेजीकरण और डिजिटलाइजेशन करना है। इस प्रकार से ज्ञान भारतम अभियान इतिहास, विज्ञान और चिकित्सा से जुड़ी प्राचीन ज्ञान परपंरा को भावी पीढिय़ों के लिए जीवंत बना रहा है। उपायुक्त महेंद्र पाल ने बताया कि हिसार में भी कई नागरिक सामने आए हैं, जो लगभग 500 वर्ष प्राचीन पांडुलिपियों को सहेजे हुए हैं। ऐसे नागरिक अब ज्ञान भारतम मिशन ऐप पर अपनी पांडुलिपियों को डिजिटलाइजेशन के लिए अपलोड कर रहे हैं। मिशन के तहत अब तक पूरे प्रदेश में लगभग 28 हजार पांडुलिपियाँ अपलोड की गई हैं। इन पांडुलिपियों का संरक्षण अभिलेखीकरण तक सीमित नहीं है, बल्कि यह शोधकर्ताओं के लिए काफी महत्वपूर्ण है। क्षेत्रीय अभिलेखागार विभाग के सहायक निदेशक अनिल कुमार ने बताया कि अभी तक शैक्षणिक संस्थानों, संग्रहालयों, पुस्तकालयों और निजी संग्राहकों से संपर्क किया गया है। अभी तक हिसार में जो पांडुलिपियां मिली हैं, उनमें दोहे, संतो का परिचय, वाणियां, आरती, शब्द और अन्य ऐतिहासिक साहित्य है। उन्होंने लोगों से अपील करते हुए कहा कि वे ज्ञान भारतम मिशन ऐप पर उपलब्ध पांडुलिपियों को अपलोड करें, ताकि उनका सर्वेक्षण और दस्तावेजीकरण किया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *