फरवरी 2027 में शुरू होगा जनगणना का दूसरा चरण, संबंधित विभाग अभी से करें आवश्यक तैयारियां- उपायुक्त
अंबाला, उपायुक्त अजय सिंह तोमर ने कहा कि जनगणना-2027 का दूसरा चरण फरवरी 2027 में शुरू होगा। इसके तहत सभी संबंधित विभाग अभी से आवश्यक तैयारियां करना सुनिश्चित करें, ताकि प्रत्येक कार्य निर्धारित समय सीमा के भीतर पूर्ण किया जा सके।
मंगलवार को उपायुक्त कैम्प कार्यालय स्थित वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग रूम में आयोजित बैठक के दौरान उपायुक्त संबंधित अधिकारियों को जनगणना के दूसरे चरण के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दे रहे थे। इससे पहले हरियाणा के जनगणना संचालन निदेशक ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से प्रदेश के सभी जिला उपायुक्तों को जनगणना-2027 के दूसरे चरण की तैयारियों एवं कार्यों के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
उपायुक्त ने कहा कि जनगणना के दूसरे चरण के अंतर्गत नागरिकों से विभिन्न आवश्यक जानकारियां एकत्रित की जाएंगी। इसलिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ अपने दायित्वों का समयबद्ध निर्वहन करना सुनिश्चित करें। इस दौरान जनगणना कार्य के लिए उपलब्ध वित्तीय संसाधनों एवं व्यवस्थाओं की भी समीक्षा की गई।
उन्होंने कहा कि जनगणना-2027 का यह दूसरा चरण महत्वपूर्ण एवं निर्णायक चरण है। इस दौरान आमजन भी इसमें अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएं तथा गणनाकारों को सही एवं पूर्ण जानकारी उपलब्ध कराएं। उन्होंने कहा कि जनगणना से प्राप्त आंकड़े देश की भावी सामाजिक, आर्थिक एवं विकासात्मक नीतियों के निर्धारण का महत्वपूर्ण आधार बनेंगे। इस मौके पर नगराधीश अभिषेक गर्ग के साथ-साथ अन्य अधिकारी मौजूद रहें।
