May 24, 2026

आचार संहिता उल्लंघन को लेकर भाजपा का प्रतिनिधिमंडल चुनाव आयोग से मिला

शिमला, भारतीय जनता पार्टी का एक प्रतिनिधिमंडल भाजपा प्रदेश चुनाव प्रकोष्ठ संयोजक जे. सी. शर्मा के नेतृत्व में आज राज्य चुनाव आयोग से मिला और प्रदेश सरकार द्वारा कल आयोजित मंत्रिमंडल बैठक को लेकर शिकायत दर्ज करवाई। भाजपा जिला अध्यक्ष केशव चौहान भी इस प्रतिनिधिमंडल में उपस्थित रहे।
जेसी शर्मा ने चुनाव आयोग को सौंपे गए ज्ञापन में आरोप लगाया कि पंचायती राज चुनावों के लिए आचार संहिता लागू होने के बावजूद राज्य सरकार ने 22 मई को मंत्रिमंडल बैठक आयोजित कर भर्ती, वित्तीय लाभ, वेतन वृद्धि, पेंशन और जनकल्याणकारी योजनाओं से जुड़े निर्णय लिए, जो सीधे तौर पर चुनाव प्रक्रिया को प्रभावित करने वाले हैं।
शर्मा ने कहा कि सरकार द्वारा इस प्रकार की घोषणाएं और निर्णय चुनावों को प्रभावित करने का प्रयास हैं तथा यह आदर्श चुनाव आचार संहिता की भावना के विपरीत है। प्रतिनिधिमंडल ने चुनाव आयोग से मामले का तत्काल संज्ञान लेने, सरकार द्वारा घोषित निर्णयों और अधिसूचनाओं को चुनाव प्रक्रिया पूरी होने तक स्थगित करने तथा आचार संहिता उल्लंघन पर उचित कार्रवाई करने की मांग की। शर्मा ने कहा कि प्रदेश में निष्पक्ष, स्वतंत्र और पारदर्शी पंचायत चुनाव सुनिश्चित करना चुनाव आयोग की जिम्मेदारी है और आयोग को इस मामले में सख्त कदम उठाने चाहिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *