May 20, 2026

26 साल बाद भाखड़ा नहर से निकाली वैन से मानव कंकाल व अवशेष मिले

श्री आनंदपुर साहिब, क्षेत्र में साथ लगती भाखड़ा नहर से करीब 26 साल बाद एक मारुति ओमनी वैन बरामद की गई है। यह वही वैन बताई जा रही है जो वर्ष 2000 में एक परिवार के चार सदस्यों सहित नहर में गिर गई थी। अधिकारियों के अनुसार, यह वैन 32 फीट गहरी भाखड़ा नहर की तलहटी में पड़ी हुई थी। स्थानीय गोताखोर कमलप्रीत सैनी ने इसे खोज निकाला।

कमलप्रीत सैनी ने बताया कि वैन के अगले हिस्से से कुछ मानव कंकाल अवशेष मिले हैं। इसके अलावा एक शर्ट भी बरामद हुई है, जिसे हादसे में मारे गए बच्चे की शर्ट माना जा रहा है। बरामद सामान परिवार को सौंप दिया गया है। कमलप्रीत सैनी ने बताया कि वह किरतपुर साहिब थाना क्षेत्र के नक्कियां गांव के पास नहर में एक शव की तलाश कर रहे थे, तभी उन्हें पानी के भीतर यह वाहन दिखाई दिया।

उन्होंने कहा कि वैन का पिछला हिस्सा और छत पूरी तरह जंग खाकर खत्म हो चुके थे। केवल अगला हिस्सा बचा हुआ था। कमलप्रीत सैनी ने बताया कि बाद में उन्होंने पीड़ित परिवार से संपर्क किया, जिन्होंने वाहन निकालने का अनुरोध किया। परिवार ने मंगलवार को किरतपुर साहिब में मृतकों की स्मृति में अरदास भी रखी। उन्होंने कहा कि नहर के तल में तेज पानी के बहाव के कारण वाहन को बाहर निकालना बेहद चुनौतीपूर्ण था।

प्राप्त जानकारी के अनुसार कीरतपुर साहिब के समीपवर्ती कोटला गांव के तीन पुरुष और एक आठ वर्षीय बच्चा शादी समारोह से लौट रहे थे, तभी उनकी ओमनी वैन नहर में गिर गई थी।

उस समय पेशेवर गोताखोरों ने करीब एक महीने तक खोज अभियान चलाया था, लेकिन न तो वाहन मिला था और न ही उसमें सवार लोगों के शव बरामद हो सके थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *