May 17, 2026

ऊना जिला के शहरी निकायों में शांतिपूर्ण सम्पन्न हुआ मतदान, 77 फीसदी रहा मत प्रतिशत

ऊना, 17 मई। ऊना जिला के छह शहरी निकायों में रविवार को मतदान प्रक्रिया शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में सफलतापूर्वक संपन्न हुई। कुल 28,292 मतदाताओं में से 21,813 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया तथा औसत मतदान 77 प्रतिशत रहा। इनमें 11,244 महिलाओं और 10,568 पुरुषों जबकि 1 थर्ड जेंडर के मतदाता ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। मतदान के दौरान युवाओं, बुजुर्गों, महिलाओं सहित सभी वर्गों में लोकतंत्र के पर्व को लेकर विशेष उत्साह देखने को मिला। सुबह से ही विभिन्न मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की लंबी कतारें लगी रहीं।
यह जानकारी देते हुए जिला निर्वाचन अधिकारी ऊना जतिन लाल ने बताया कि जिला के छः शहरी निकायों में से सबसे ज्यादा मतदान प्रतिशतता 84.14 नगर पंचायत टाहलीवाल में रहीं। यहां 7 वार्डों में कुल 2,441 मतदाताओं ने मतदान किया, जिनमें 1,171 पुरुष और 1,270 महिला मतदाता शामिल रहे।
वहीं नगर पंचायत अंब के 9 वार्डों में कुल 4,398 मतदाताओं ने मतदान किया, जिनमें 2,183 पुरुष और 2,214 महिला मतदाता तथा 1 थर्ड जेंडर शामिल है। यहां कुल मतदान 78.89 प्रतिशत रहा।
इसी तरह नगर पंचायत गगरेट के 7 वार्डाें में कुल 2,054 मतदाताओं ने मतदान किया, जिनमें 1,009 पुरुष और 1,045 महिला मतदाता शामिल है। यहां कुल मतदान 76.64 प्रतिशत रहा।
नगर परिषद मैहतपुर-बसदेहड़ा के 9 वार्डों में कुल 4,919 मतदाताओं ने मतदान किया, जिनमें 2,435 पुरुष और 2,484 महिला मतदाता शामिल है। यहां कुल मतदान 77.35 प्रतिशत रहा।
नगर पंचायत दौलतपुर चौक के 7 वार्डों में कुल 2,354 मतदाताओं ने मतदान किया, जिनमें 1,112 पुरुष और 1,242 महिला मतदाता शामिल है। यहां कुल मतदान 77.23 प्रतिशत रहा।
इसके अलावा नगर परिषद संतोषगढ़ के 9 वार्डों में कुल 5,647 मतदाताओं ने मतदान किया, जिनमें 2,658 पुरुष और 2,989 महिला मतदाता शामिल रहीं। इसमें मतदान 72.71 प्रतिशत रहा।
उपायुक्त ने बताया कि चुनाव प्रक्रिया को शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न करवाने के लिए प्रशासन द्वारा सभी आवश्यक प्रबंध सुनिश्चित किए गए थे। मतदान केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था, पेयजल, छाया, बैठने तथा अन्य मूलभूत सुविधाओं की समुचित व्यवस्था की गई थी, जिससे मतदाताओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। विशेष रूप से वरिष्ठ नागरिकों एवं दिव्यांग मतदाताओं के लिए भी सहायता प्रबंध किए गए थे।
इस दौरान युवा मतदाताओं में लोकतंत्र के प्रति जागरूकता और भागीदारी का उत्साह विशेष रूप से देखने को मिला। पहली बार मतदान करने पहुंचे युवाओं ने मतदान को अपना अधिकार और जिम्मेदारी बताते हुए दूसरों को भी मतदान के लिए प्रेरित किया। वहीं बुजुर्ग मतदाताओं ने भी पूरे उत्साह के साथ मतदान केंद्रों तक पहुंचकर लोकतांत्रिक प्रक्रिया में अपनी भागीदारी सुनिश्चित की।
डीसी ने बताया कि लोकतंत्र को सशक्त बनाने में प्रत्येक मतदाता की भूमिका महत्वपूर्ण होती है तथा लोगों की सक्रिय भागीदारी लोकतांत्रिक मूल्यों को और मजबूत करती है।

More Stories

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *