May 15, 2026

बैंक से जुड़े 590 करोड़ के घोटाले में सीबीआई की चंडीगढ़-पंचकूला में रेड

ऑडियो-वीडियो डॉक्यूमेंट्स जब्त

नई दिल्ली, हरियाणा में आईडीएफसी और एयू स्मॉल फाइनेंस बैंक से जुड़े करीब 590 करोड़ रुपए के चर्चित घोटाले को लेकर केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने बड़ा एक्शन लिया है। एजेंसी ने चंडीगढ़ और पंचकूला में सात अलग-अलग ठिकानों पर छापेमारी कर कई अहम दस्तावेज और डिजिटल सबूत कब्जे में लिए हैं।

सीबीआई की ओर से जारी जानकारी के अनुसार यह कार्रवाई 14 मई 2026 की शाम को की गई। जिन स्थानों पर तलाशी ली गई, उनमें आरोपियों के घर, ज्वेलर्स के शोरूम, कथित लाभार्थियों के परिसर और मामले से जुड़े अन्य निजी संस्थान शामिल हैं। जांच एजेंसी का कहना है कि छापेमारी के दौरान वित्तीय लेनदेन से जुड़े कई महत्वपूर्ण रिकॉर्ड हाथ लगे हैं, जिनकी अब गहन जांच की जा रही है।

बताया जा रहा है कि यह बहुचर्चित घोटाला हरियाणा के कई सरकारी विभागों तक फैला हुआ है। जांच के दायरे में पंचायत विभाग, प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड, बिजली विभाग और पंचकूला नगर निगम समेत कई संस्थाएं शामिल हैं। मामले में अब तक 16 लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है।

सूत्रों के मुताबिक सीबीआई ने पांच आईएएस अधिकारियों के खिलाफ भ्रष्टाचार निरोधक अधिनियम की धारा 17-ए के तहत जांच की अनुमति मांगी थी, जिसे केंद्र सरकार ने मंजूरी दे दी है। वहीं तीन अन्य अधिकारियों के खिलाफ अनुमति प्रक्रिया अभी जारी है। एजेंसी जल्द ही पांचों आईएएस अधिकारियों से पूछताछ कर सकती है।

इस मामले को हरियाणा के हालिया सबसे बड़े वित्तीय घोटालों में से एक माना जा रहा है और आने वाले दिनों में कई बड़े खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *