May 13, 2026

प्रधानमंत्री मोदी के काफिले में दिखी सिर्फ दो गाड़ियां

वीडियो हुआ वायरल

नई दिल्ली। पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव और वैश्विक ईंधन संकट की आशंकाओं के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशवासियों से पेट्रोल-डीजल की बचत करने की अपील की है। खास बात यह रही कि प्रधानमंत्री ने अपनी इस अपील को खुद अमल में भी दिखाया। बुधवार को पीएम मोदी कैबिनेट बैठक में बेहद छोटे काफिले के साथ पहुंचे, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में देखा गया कि प्रधानमंत्री का काफिला केवल दो गाड़ियों के साथ आगे बढ़ रहा था। आमतौर पर प्रधानमंत्री की सुरक्षा व्यवस्था में कई वाहन शामिल रहते हैं, लेकिन इस बार काफिले का आकार काफी सीमित नजर आया। सुरक्षा प्रोटोकॉल के तहत सामान्य परिस्थितियों में पीएम के काफिले में 14 से 17 गाड़ियां रहती हैं, जबकि राज्य पुलिस और अन्य सुरक्षा एजेंसियों के वाहन जोड़ने पर यह संख्या 30 से 40 तक पहुंच जाती है। प्रधानमंत्री की पहल के बाद केंद्र सरकार के कई वरिष्ठ नेताओं ने भी अपने काफिलों में वाहनों की संख्या घटा दी है। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, जो जेड प्लस सुरक्षा श्रेणी में आते हैं, पहले लगभग 11 गाड़ियों के साथ चलते थे, लेकिन अब उन्होंने केवल चार वाहनों का इस्तेमाल शुरू कर दिया है।
इसी तरह गृह मंत्री अमित शाह ने भी अपने सुरक्षा काफिले को छोटा कर दिया है। कैबिनेट बैठक के दौरान वे चार गाड़ियों के साथ पहुंचे। पहले उनके काफिले में आमतौर पर 11 से 12 वाहन शामिल रहते थे।
भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन ने भी प्रधानमंत्री के इस कदम की सराहना करते हुए अपने काफिले में वाहनों की संख्या कम करने का फैसला लिया। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि प्रधानमंत्री ने एक बार फिर साबित किया है कि वे सही मायनों में प्रधानसेवक हैं। उनका कहना था कि जब देश का नेतृत्व खुद उदाहरण पेश करता है, तो वह धीरे-धीरे जन आंदोलन का रूप ले लेता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *