May 13, 2026

सोनिया गांधी गुरुग्राम के मेदांता हॉस्पिटल में एडमिट

होनी है सर्जरी

नई दिल्ली, कांग्रेस की वरिष्ठ नेता सोनिया गांधी को बुधवार को गुरुग्राम स्थित मेदांता में भर्ती कराया गया। जानकारी के अनुसार, उन्हें एक छोटी सर्जरी के लिए अस्पताल ले जाया गया है। हालांकि, सर्जरी से जुड़ी विस्तृत जानकारी अभी सामने नहीं आई है।

इससे पहले मार्च 2026 में भी तबीयत बिगड़ने के बाद सोनिया गांधी को दिल्ली के सर गंगा राम हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था। उस समय चिकित्सक अरूप बसु की निगरानी में उनका उपचार चला था। बताया गया था कि उन्हें फेफड़ों से जुड़ी समस्या के कारण अस्पताल में भर्ती करना पड़ा था।

राजनीतिक दृष्टि से भी यह घटनाक्रम महत्वपूर्ण माना जा रहा है, क्योंकि सोनिया गांधी इस समय केरल में सरकार गठन को लेकर अहम भूमिका निभा रही हैं। हाल ही में हुए विधानसभा चुनाव में संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चा की जीत के बाद कांग्रेस वहां सरकार बनाने की प्रक्रिया में जुटी हुई है। इस सिलसिले में दिल्ली और तिरुवनंतपुरम में कई दौर की बैठकों का आयोजन हो चुका है।

सूत्रों के अनुसार, केरल में मुख्यमंत्री पद को लेकर पार्टी के भीतर मंथन जारी है। केसी वेणुगोपाल, रमेश चेन्निथला और वीडी सतीशन को प्रमुख दावेदार माना जा रहा है। हाल ही में हुई बैठक में तीनों नेताओं ने अपनी-अपनी दावेदारी रखी, हालांकि अंत में सभी ने शीर्ष नेतृत्व के फैसले को स्वीकार करने की बात कही।

पार्टी सूत्रों का कहना है कि अधिकांश विधायकों का झुकाव केसी वेणुगोपाल की ओर माना जा रहा है, लेकिन अंतिम फैसला सभी वरिष्ठ नेताओं की सहमति के बाद ही लिया जाएगा। वहीं राहुल गांधी को भी यह तय करना है कि वे वेणुगोपाल को केरल का मुख्यमंत्री बनाएं या संगठन महासचिव के रूप में अपने साथ बनाए रखें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *