स्वस्थ भविष्य के लिए स्कूल आफ एमिनेंस नंगल में शुरू हुआ हेल्थ इम्यूनाइजेशन कार्यक्रम
शिवांकुर शर्मा,नंगल
नंगल में बच्चों को बीमारियों से सुरक्षित रखने व स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से बीबीएमबी स्वास्थ्य विभाग की ओर से स्कूल आफ एमिनेंस नंगल में स्कूल हेल्थ इम्यूनाइजेशन कार्यक्रम शुरू किया गया। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों का स्वास्थ्य परीक्षण करने के साथ आवश्यक टीकाकरण भी किया गया। इसके अलावा बच्चों को स्वच्छता, संतुलित आहार व नियमित स्वास्थ्य जांच के महत्व की जानकारी देकर जागरूक किया गया।
अस्पताल के पीएमओ डा. जेपी सिंह व चिकित्सा अधिकारी डा. प्रगति के मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यक्रम की जानकारी देते हुए एमपीएचएस वीना शर्मा ने बताया कि प्रिंसिपल किरण शर्मा के सहयोग से आयोजित इस अभियान का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को स्वस्थ वातावरण उपलब्ध करवाने के साथ उनमें स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। उन्होंने कहा कि नियमित टीकाकरण बच्चों की रोग प्रतिरोधक क्षमता मजबूत करने में अहम भूमिका निभाता है व कई संक्रामक बीमारियों से बचाव संभव बनाता है।
उन्होंने विद्यार्थियों को व्यक्तिगत स्वच्छता बनाए रखने, पौष्टिक भोजन ग्रहण करने व नियमित रूप से हाथ धोने की आदत अपनाने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम में बीबीएमबी रेड क्रॉस सोसाइटी की चेयरपर्सन हरप्रीत कौर, अध्यापिका पूनम शर्मा सहित अन्य अध्यापकों ने भी विद्यार्थियों को स्वास्थ्य व स्वच्छता के प्रति जागरूक करने में सहयोग दिया।
कार्यक्रम के दौरान एमपीएचएस अनीता कुमारी, प्रिया कुमारी, नीलम कुमारी, परमजीत कौर व दविंदर कुमार ने भी विद्यार्थियों को स्वास्थ्य संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान करते हुए टीकाकरण अभियान में सहयोग निभाया।
