May 4, 2026

कनाडा में कपिल शर्मा के कैफे के पास फिर फायरिंग

चेतावनी देते हुए कहा- लाइन में आ जाएं

नई दिल्ली, भारत के चर्चित कॉमेडियन कपिल शर्मा एक बार फिर सुर्खियों में आ गए हैं। कनाडा के सरे शहर में उनके कैफे ‘कैप्स कैफे’ के नजदीक स्थित एक रेस्टोरेंट में गोलीबारी की घटना सामने आई है, जिसने सनसनी फैला दी है। सोशल मीडिया पर वायरल दावों के मुताबिक इस हमले की जिम्मेदारी कथित तौर पर लॉरेंस बिश्नोई गैंग ने ली है और कपिल शर्मा को सीधी धमकी भी दी गई है। हालांकि, इन दावों की अब तक किसी आधिकारिक एजेंसी द्वारा पुष्टि नहीं की गई है।

सोशल मीडिया पर ‘टायसन बिश्नोई जोरा सिद्धू’ नाम के एक फेसबुक अकाउंट से वायरल पोस्ट में दावा किया गया है कि यह फायरिंग ‘चाय सुट्टा बार’ नामक रेस्टोरेंट पर की गई, जो कपिल शर्मा के कैफे के बिल्कुल पास स्थित है। पोस्ट में कथित तौर पर कपिल शर्मा और कैफे से जुड़े लोगों को चेतावनी देते हुए कहा गया है कि वे “लाइन में आ जाएं”, वरना गंभीर परिणाम भुगतने पड़ सकते हैं। यहां तक कि मुंबई स्थित उनके घर को भी निशाना बनाने की धमकी दी गई है।

बताया जा रहा है कि यह पहली बार नहीं है जब कपिल शर्मा के कैफे को निशाना बनाया गया हो। साल 2025 में भी ‘कैप्स कैफे’ पर कई बार हमले हुए थे। 10 जुलाई 2025 को उद्घाटन के कुछ ही दिनों बाद पहली बार फायरिंग की घटना हुई, जिसमें कैफे की खिड़कियों पर गोलियां चलाई गईं। इसके बाद 7 अगस्त 2025 को दूसरी बार हमला हुआ, जबकि 15-16 अक्टूबर 2025 को तीसरी बार कैफे को निशाना बनाया गया। उस दौरान भी सोशल मीडिया पर बिश्नोई नेटवर्क से जुड़े लोगों द्वारा जिम्मेदारी लेने के दावे सामने आए थे।

इन धमकियों के पीछे एक वजह कपिल शर्मा का सलमान खान से जुड़ाव बताया जा रहा है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, ‘द ग्रेट इंडियन कपिल शो’ के लॉन्च पर सलमान खान को आमंत्रित करने से यह गैंग नाराज हो गया था। पहले भी गिरोह की ओर से चेतावनी दी जा चुकी है कि जो कोई भी सलमान खान के साथ काम करेगा, उसे अंजाम भुगतना पड़ सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *