पश्चिम बंगाल में दो निर्वाचन क्षेत्रों के 15 बूथों पर फिर हुआ मतदान
हिंसा की आशंका के बीच रही कड़ी सुरक्षा
कोलकाता, पश्चिम बंगाल में सियासी पारा हाई है। दो चरणों की वोटिंग के बाद पार्टियां अपनी-अपनी जीत का दावा कर रही हैं, तो इस बीच आज पश्चिम बंगाल में 15 बूथों पर दोबारा मतदान कराया गया। चुनाव आयोग ने साउथ परगना जिले की मगराहाट वेस्ट और डायमंड हार्बर, इन दोनों सीटों के 15 मतदान केंद्रों पर फिर से मतदान कराने का आदेश दिया है। जहां मगराहाट वेस्ट के 11 और डायमंड हार्बर के 4 पोलिंग बूथों पर आज फिर वोट डाले गए। बता दें प. बंगाल समेत 5 राज्यों में हुए विधानसभा चुनावों के नतीजे 4 मई को आएंगे।
दरअसल, चुनाव आयोग को 77 पोलिंग सेंटर्स पर री-पोल कराने की रिक्वेस्ट मिली थी। आरोप था कि कुछ बूथों पर ईवीएम से छेड़छाड़ की गई है और कुछ जगह ईवीएम में गड़बड़ी की शिकायत थी, जिसे लेकर इलेक्शन ऑब्जर्वर्स की रिपोर्ट आने के बाद चुनाव आयोग ने साउथ परगना जिले की 2 सीटों पर फिर से मतदान कराने का आदेश दिया। इन 15 बूथों पर सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक वोटिंग जारी रही। इस बीच किसी भी अप्रिय घटना की आशंका को देखते हुए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे।
डायमंड हार्बर में 4 पोलिंग बूथों पर री-पोलिंग हुई। इसमें बूथ नंबर- 117, बूथ नंबर- 179, बूथ नंबर- 194 और बूथ नंबर- 243 शामिल हैं। वहीं, मगराहाट वेस्ट में 11 पोलिंग बूथों पर पुनर्मतदान हुआ। इनमें बूथ नंबर- 46, बूथ नंबर- 126, बूथ नंबर- 127, बूथ नंबर- 128, बूथ नंबर- 142, बूथ नंबर- 214, बूथ नंबर- 215, बूथ नंबर- 216, बूथ नंबर- 230, बूथ नंबर- 231 और बूथ नंबर- 232 हैं।
