April 30, 2026

जिला बिलासपुर में पंचायती राज संस्थाओं की चुनाव प्रक्रिया शुरू

26, 28 व 30 मई को तीन चरणों में होगा मतदान, 7 मई से शुरू होगी नामांकन प्रक्रिया, जिला में आचार संहिता लागू
जिला में 3 लाख 14 हजार 120 मतदाता चुनेंगे पंचायती राज संस्थाओं के प्रतिनिधि

बिलासपुर, राज्य चुनाव आयोग ने प्रदेश में पंचायती राज संस्थाओं के चुनाव की घोषणा के साथ ही जिला बिलासपुर में भी चुनावी प्रक्रिया आरंभ हो गई है। जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) एवं उपायुक्त राहुल कुमार ने कहा कि जिला में पंचायती राज संस्थाओं के चुनाव तीन चरणों में 26, 28 और 30 मई को होंगे तथा 7 मई से नामांकन प्रक्रिया शुरू होगी। उन्होंने कहा कि पंचायती राज संस्थाओं के चुनाव कार्यक्रम की घोषणा के साथ ही जिला में भी आदर्श आचार संहिता लागू हो गई है।

उन्होंने बताया कि जिला बिलासपुर में पंचायती राज संस्थाओं के अंतर्गत जिला परिषद के 14 वार्ड, चार पंचायत समितियों के 97 वार्ड तथा 182 ग्राम पंचायतों के 1140 वार्ड शामिल हैं। विकासखंडवार विवरण के अनुसार सदर ब्लॉक में 49 पंचायतें और 311 वार्ड, घुमारवीं में 63 पंचायतें और 403 वार्ड, झंडूता में 45 पंचायतें और 283 वार्ड तथा श्री नैना देवी जी ब्लॉक में 25 पंचायतें और 143 वार्ड हैं। इस तरह जिला बिलासपुर में कुल 182 ग्राम पंचायतों में 1140 वार्ड हैं।

उन्होंने कहा कि जिला बिलासपुर में पंचायती राज संस्थाओं के चुनाव के लिए कुल 3 लाख 14 हजार 120 मतदाता पंजीकृत हैं, जिनमें 1 लाख 57 हजार 772 पुरुष और 1 लाख 56 हजार 348 महिला मतदाता शामिल हैं। उन्होंने खण्डवार पंजीकृत मतदाता आंकड़ों की जानकारी देते हुए बताया कि सदर विकासखण्ड में कुल 80 हजार 309, घुमारवीं में 1 लाख 18 हजार 267, झंडूता में 78 हजार 351 तथा श्री नैना देवी जी में 37 हजार 193 मतदाता शामिल हैं। इसके अतिरिक्त अनुपूरक मतदाता सूची में 1541 नए मतदाताओं को जोड़ा गया है।

उन्होंने बताया कि जिला में पंचायती राज संस्थाओं के चुनाव तीन चरणों में संपन्न होंगे, जिसमें प्रथम चरण में 62 ग्राम पंचायतें, द्वितीय चरण में 62 तथा तृतीय चरण में 58 ग्राम पंचायतों में मतदान होगा। उन्होंने विकासखण्ड के आधार पर जानकारी देते हुए बताया कि घुमारवीं विकासखण्ड में प्रत्येक चरण में 21-21 पंचायतें, सदर में 17, 17 और 15 पंचायतें, झंडूता में 15-15 पंचायतें तथा श्री नैना देवी जी में क्रमशः 9, 9 और 7 पंचायतों में मतदान होगा।

उपायुक्त ने जिला बिलासपुर के सभी मतदाताओं से पंचायती राज संस्थाओं की चुनाव प्रक्रिया में बढ़-चढ़कर भाग लेने का आह्वान किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *