April 30, 2026

दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे पर चलती कार बनी आग का गोला, 5 लोग जिंदा जले

अलवर, राजस्थान के अलवर जिले में स्थित लक्ष्मणगढ़ थाना क्षेत्र में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर देर रात एक भीषण हादसा हो गया। मौजपुर के पास रात करीब 1 बजे दिल्ली से कोटा जा रही एक कार में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पूरी कार को अपनी चपेट में ले लिया और वाहन कुछ ही मिनटों में आग का गोला बन गया।

इस हादसे में कार में सवार 5 लोगों की जिंदा जलकर मौत हो गई। मृतकों में मध्य प्रदेश के श्योपुर निवासी तीन महिलाएं, एक बच्ची और एक पुरुष शामिल हैं। हादसा एक्सप्रेसवे के पिलर नंबर 115/300 के पास हुआ।

कार चालक विनोद कुमार मेहर ने किसी तरह गाड़ी से कूदकर अपनी जान बचाई, लेकिन वह करीब 80 प्रतिशत झुलस गया। राहगीरों की सूचना पर एनएचएआई पेट्रोलिंग टीम, एम्बुलेंस और पुलिस मौके पर पहुंची। लक्ष्मणगढ़ थाना पुलिस और एसएचओ नेकीराम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए दमकल विभाग को सूचना दी।

दमकल की गाड़ियां पहुंचने से पहले ही कार पूरी तरह जल चुकी थी। बाद में पहुंची दमकल टीम ने आग पर काबू पाया। घायल चालक को पहले पिनान के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) ले जाया गया, जहां से गंभीर हालत के चलते उसे अलवर के सामान्य अस्पताल रेफर कर दिया गया।

घटना की सूचना मिलते ही डीएसपी कैलाश जिंदल और एसपी सुधीर चौधरी भी मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल मृतकों की पहचान की प्रक्रिया जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *