भाजपा के प्रवेश वाही होंगे दिल्ली के नए मेयर
कांग्रेस के जहीर को 147 मतों से हराया
नई दिल्ली, भाजपा के पार्षद प्रवेश वाही को दिल्ली का नया मेयर चुना गया है। उन्होंने मेयर चुनाव में कांग्रेस के उम्मीदवार जहीर को बड़े अंतर से हराया। इस चुनाव में कुल 165 सांसदों, विधायकों और पार्षदों ने मतदान किया था। डाले गए सभी मतों को वैध पाया गया। प्रवेश वाही को कुल 156 मत प्राप्त हुए। वहीं, कांग्रेस उम्मीदवार जहीर को केवल 9 मत मिले। इस तरह, प्रवेश वाही ने जहीर को 147 मतों के भारी अंतर से पराजित किया।
उपमहापौर पद के चुनाव में मतदान नहीं कराया गया कांग्रेस ने महापौर पद के चुनाव में मिले मतों को स्वीकार किया। इस तरह भाजपा की मोनिका पंत उपमहापौर पद पर निर्वाचित हुईं।
एमसीडी में मेयर और डिप्टी मेयर चुनाव को लेकर आम आदमी पार्टी ने बड़ा सियासी फैसला लेते हुए इन दोनों चुनावों का बहिष्कार किया। आप के पार्षद, सांसद और विधायक मेयर व डिप्टी मेयर चुनाव के दौरान सदन में मौजूद नहीं रहे। हालांकि, स्थाई समिति के 3 सदस्यों के चुनाव के दौरान पार्टी सदन में भागीदारी करेगी।
स्थायी समिति के लिए 3 सीटों पर 3 ही नामांकन दाखिल हैं। इनमें भाजपा के 2 पार्षद और आम आदमी पार्टी का 1 पार्षद शामिल है। ऐसे में तीनों सदस्यों का निर्वाचन बिना मतदान के तय माना जा रहा है। यही वजह है कि आप इस प्रक्रिया में शामिल होगी ताकि उसका एक सदस्य समिति में पहुंच सके।
