ट्रंप पर हमले के बाद एक्शन में व्हाइट हाउस, बुलाई आपात बैठक
क्या अब एक साथ नहीं दिखेंगे ट्रंप और वेंस!
वाशिंगटन, अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की सुरक्षा को लेकर व्हाइट हाउस ने बेहद सख्त रुख अपना लिया है। हाल ही में व्हाइट हाउस कॉरेस्पॉन्डेंट डिनर के दौरान हुई गोलीबारी की खौफनाक घटना के बाद राष्ट्रपति की सुरक्षा व्यवस्था की व्यापक स्तर पर समीक्षा करने का बड़ा फैसला लिया गया है। इस जानलेवा हमले में डोनाल्ड ट्रंप बाल-बाल बच गए थे, जिसके बाद अब सीक्रेट सर्विस और अन्य सुरक्षा एजेंसियों को हाई अलर्ट पर रखा गया है और सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए जा रहे हैं।
राष्ट्रपति के आधिकारिक आवास और कार्यालय व्हाइट हाउस ने इस घटना को बेहद गंभीरता से लिया है। शनिवार को वाशिंगटन हिल्टन होटल में हुए इस हमले के मद्देनजर राष्ट्रपति ट्रंप की सुरक्षा की गहरी समीक्षा के लिए इस सप्ताह के अंत में एक अहम बैठक बुलाई गई है। व्हाइट हाउस की चीफ ऑफ स्टाफ सुसन वाइल्स ने यूएस सीक्रेट सर्विस और गृह मंत्रालय (डीएचएस) के शीर्ष नेतृत्व को इस बैठक के लिए तलब किया है। आने वाली चार जुलाई को अमेरिका अपनी स्वतंत्रता की 250वीं वर्षगांठ मनाने जा रहा है, जिसमें ट्रंप कई बड़े सार्वजनिक कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे। इसी को ध्यान में रखते हुए सुरक्षा प्रोटोकॉल और बचाव की नई प्रक्रियाओं पर गंभीरता से मंथन किया जाएगा।
इस जानलेवा हमले ने अमेरिका में राष्ट्रपति पद के उत्तराधिकार क्रम को भी दुनिया भर की चर्चा के केंद्र में ला दिया है। कार्यक्रम में ट्रंप के साथ-साथ उपराष्ट्रपति जेडी वेंस, प्रतिनिधि सभा के अध्यक्ष माइक जॉनसन, विदेश मंत्री मार्को रुबियो, वित्त मंत्री स्कॉट बेसेंट और रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ जैसे शीर्ष नेता मौजूद थे, जो कि उत्तराधिकार की लाइन में आते हैं। व्हाइट हाउस की प्रेस सचिव कैरोलिन लेविट ने बताया कि डिनर से पहले आपात स्थिति में सरकार का कामकाज सुचारू रखने वाले डेजिग्नेटेड सर्वाइवर (नामित अधिकारी) पर चर्चा हुई थी। हालांकि, कैबिनेट के कई अन्य सदस्य निजी कारणों से कार्यक्रम में नहीं आए थे, इसलिए किसी एक को डेजिग्नेटेड सर्वाइवर नामित करने की जरूरत महसूस नहीं हुई।
अब अमेरिका के राजनीतिक गलियारों में सबसे बड़ा सवाल यह उठ रहा है कि क्या भविष्य में राष्ट्रपति ट्रंप और उपराष्ट्रपति जेडी वेंस एक ही सार्वजनिक कार्यक्रम में एक साथ शिरकत करेंगे या नहीं। सुसन वाइल्स द्वारा बुलाई गई उच्च स्तरीय बैठक में इस संवेदनशील मुद्दे पर गहराई से विचार किया जाएगा। रिपब्लिकन पार्टी के नेता और सांसद माइकल मैक्कॉल ने भी स्पष्ट रूप से कहा है कि सीक्रेट सर्विस को इस बात पर पुनर्विचार करना चाहिए कि क्या ऐसे किसी बड़े कार्यक्रम में राष्ट्रपति और उपराष्ट्रपति दोनों को एक साथ मौजूद रहना चाहिए। अमेरिकी संविधान के तहत राष्ट्रपति की अनुपस्थिति में देश की कमान संभालने के लिए एक पूरा उत्तराधिकार क्रम निर्धारित है, और इस हमले के बाद देश के शीर्ष नेतृत्व को एक साथ खतरे में न डालने की रणनीति पर तेजी से काम हो रहा है।
