April 26, 2026

दिल्ली एयरपोर्ट पर टेकऑफ करते ही स्विस एयर के इंजन से निकलने लगीं लपटें

जान बचाने के लिए इमरजेंसी स्लाइड से कूदे यात्री

नई दिल्ली, देश की राजधानी दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर रविवार तड़के एक बड़ा विमान हादसा होते-होते टल गया। यहां दिल्ली से ज्यूरिख जा रही स्विस एयर की एक फ्लाइट के उड़ान भरने की तैयारी के दौरान उसके एक इंजन में अचानक आग लग गई। इंजन फेल होने और आग लगने की घटना के बाद विमान में सवार यात्रियों के बीच भारी दहशत फैल गई। आनन-फानन में क्रू मेंबर्स ने उड़ान रद्द कर इमरजेंसी स्लाइड के जरिए सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला। इस खौफनाक हादसे और निकासी के दौरान 6 यात्रियों के घायल होने की खबर है, जिन्हें तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

मिली जानकारी के अनुसार, यह डरावनी घटना रविवार तड़के करीब 1:08 बजे की है। स्विस एयर का एयरबस A330 विमान (फ्लाइट नंबर LX 147) रनवे पर उड़ान भरने के लिए बिल्कुल तैयार था। विमान जैसे ही आगे बढ़ा, उसके पहले इंजन में अचानक बड़ी तकनीकी खराबी आ गई और देखते ही देखते उसमें आग लग गई। खतरे को भांपते हुए पायलट और क्रू मेंबर्स ने तुरंत टेकऑफ का फैसला रद्द कर दिया। स्थिति की गंभीरता का जायजा लेने के बाद एहतियात के तौर पर इमरजेंसी स्लाइड खोल दी गई, जिसके जरिए दहशत में आए यात्रियों को विमान से बाहर निकाला गया। इसके अलावा, जो यात्री स्लाइड का इस्तेमाल करने में असमर्थ थे, उनके सुरक्षित उतरने के लिए तुरंत सीढ़ियों की व्यवस्था भी की गई।

इस पूरी घटना पर स्विस एयरलाइन की ओर से भी आधिकारिक बयान जारी कर स्थिति स्पष्ट की गई है। एयरलाइन ने बताया कि जिस विमान (रजिस्ट्रेशन नंबर HB-JHK) के साथ यह हादसा हुआ, उसमें कुल 228 यात्री और 4 शिशु सवार थे। राहत की बात यह रही कि सभी यात्रियों और क्रू मेंबर्स को समय रहते सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। हालांकि, अफरातफरी और निकासी की इस प्रक्रिया में 6 यात्रियों को चोटें आई हैं, जिनका फिलहाल अस्पताल में इलाज और मेडिकल चेकअप चल रहा है। एयरलाइन के मुताबिक बाकी सभी यात्री और क्रू के सदस्य पूरी तरह सुरक्षित हैं। घटना के सही कारणों की विस्तृत जांच करने और आगे की कार्रवाई के लिए स्विस एयर ने एक विशेष टास्क फोर्स का गठन कर दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *