इजरायल और लेबनान के बीच 34 साल बाद पहली बार होगी वार्ता
नई दिल्ली, अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने दावा किया है कि इजरायल और लेबनान के बीच 34 साल बाद पहली बार बातचीत शुरू होने जा रही है। उन्होंने कहा कि वह दोनों देशों के बीच तनाव कम करने और थोड़ी सांस लेने की जगह बनाने की कोशिश कर रहे हैं। ट्रंप के अनुसार, यह वार्ता शुक्रवार को होने की संभावना है, जिसे उन्होंने एक सकारात्मक संकेत बताया।
ट्रंप की इस घोषणा के बाद इजरायल और लेबनान के बीच सीजफायर की उम्मीदें भी बढ़ गई हैं। फिलहाल दोनों देशों के बीच संघर्ष जारी है। इजरायली सेना लेबनान में हिजबुल्ला के ठिकानों को निशाना बना रही है, जबकि हिजबुल्लाह भी जवाबी रॉकेट हमले कर रहा है।
ईरान-अमेरिका सीजफायर से अलग मामला
ईरान और यूनाइटेड स्टेट के बीच दो हफ्तों से जारी सीजफायर के बावजूद इजरायल और हिजबुल्लाह के बीच संघर्ष थमा नहीं है। ईरान ने पहले दिन ही आरोप लगाया था कि इजरायल ने युद्धविराम का उल्लंघन किया है और कहा था कि लेबनान भी इस सीजफायर का हिस्सा है। हालांकि बाद में अमेरिका और ईरान दोनों ने स्पष्ट किया कि इजरायल-लेबनान का मुद्दा इस समझौते से अलग है।
लगातार जारी हमलों के बीच प्रस्तावित वार्ता को एक महत्वपूर्ण कूटनीतिक कदम माना जा रहा है। यदि यह बातचीत सफल होती है, तो क्षेत्र में तनाव कम होने और लंबे समय से चल रहे संघर्ष में राहत मिलने की उम्मीद की जा रही है।
