पंजाब कांग्रेस के वरिष्ठ नेता लाल सिंह का निधन, पटियाला में शोक की लहर
पटियाला, पंजाब की राजनीति और कांग्रेस पार्टी के लिए एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। पंजाब के पूर्व वित्त मंत्री, कांग्रेस के कद्दावर नेता और पंजाब प्रदेश कांग्रेस कमेटी के पूर्व अध्यक्ष लाल सिंह का निधन हो गया है। इस खबर के आते ही पटियाला सहित पूरे पंजाब के राजनीतिक गलियारों और उनके समर्थकों में गहरी शोक की लहर दौड़ गई है।
लाल सिंह पंजाब कांग्रेस के सबसे मजबूत और अनुभवी स्तंभों में से एक माने जाते थे। उन्होंने अपने लंबे राजनीतिक करियर में कई अहम पदों की जिम्मेदारी संभाली। लाल सिंह पहली बार 1977 में डकाला से कांग्रेस की टिकट पर पंजाब विधानसभा के सदस्य चुने गए थे। इसके बाद उन्होंने 2012 तक पांच बार डकाला क्षेत्र का सफल प्रतिनिधित्व किया और बाद में परिसीमन के बाद सनौर विधानसभा सीट से भी चुनाव जीतकर विधानसभा पहुंचे। वह राज्य के वित्त मंत्री के पद पर भी रहे और इलाके में अपनी मजबूत पकड़ व विकास कार्यों के लिए जाने जाते थे।
पूर्व मंत्री के निधन की खबर सोशल मीडिया पर भी तेजी से फैल रही है, जहां लोग नम आंखों से अपने प्रिय नेता को याद कर रहे हैं। पटियाला के स्थानीय निवासियों और समर्थकों द्वारा उन्हें श्रद्धांजलि दी जा रही है। पुनीत सिंह बंगा ने भी फेसबुक पर उनकी तस्वीर साझा करते हुए इस दुखद खबर की जानकारी दी और लिखा- पटियाला से दुखद खबर – वरिष्ठ कांग्रेस नेता और पूर्व मंत्री लाल सिंह का निधन हो गया है।
लाल सिंह का जाना न केवल उनके परिवार, बल्कि पूरी कांग्रेस पार्टी और पंजाब के लिए एक ऐसी अपूरणीय क्षति है जिसे शायद ही कभी भरा जा सकेगा।
