March 28, 2026

लकी ड्रा, सांस्कृतिक कार्यक्रम खेल और स्वास्थ्य जांच, रेडक्रॉस मेला 7 अप्रैल को

धर्मशाला, जिला रेडक्राॅस सोसायटी कांगड़ा द्वारा 7 अप्रैल 2026 को पुलिस ग्राउंड, धर्मशाला में प्रातः 10 बजे से सायं 6 बजे तक भव्य रेडक्राॅस मेले का आयोजन किया जाएगा। सोसायटी के सचिव ओपी शर्मा ने बताया कि यह मेला स्वास्थ्य सेवाओं के साथ-साथ सामाजिक और सांस्कृतिक गतिविधियों का भी महत्वपूर्ण मंच बनेगा।
उन्होंने बताया कि मेले में स्वास्थ्य विभाग हिमाचल प्रदेश और आयुष विभाग के सहयोग से निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर लगाए जाएंगे, जहां विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा सामान्य रोगों की जांच, परामर्श, दवाइयों का वितरण तथा स्वास्थ्य संबंधी जानकारी प्रदान की जाएगी साथ ही बेबी शो का आयोजन भी किया जाएगा।
मेले के दौरान विभिन्न विभागों द्वारा ज्ञानवर्धक और मनोरंजक गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। किसानों के लिए विशेष जागरूकता स्टॉल लगाए जाएंगे, वहीं बच्चों और युवाओं के लिए रस्साकशी, म्यूजिकल चेयर तथा अन्य खेल प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी, जिनमें विजेताओं को आकर्षक पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे। इसके अतिरिक्त मेले में खाने-पीने के विभिन्न स्टॉल भी लगाए जाएंगे, जबकि महिला मंडलों और स्वयं सहायता समूहों द्वारा तैयार किए गए हस्तशिल्प, घरेलू उत्पाद और स्थानीय व्यंजन भी उपलब्ध रहेंगे, जिससे स्थानीय कारीगरों और महिलाओं को आर्थिक सशक्तिकरण का अवसर मिलेगा। इच्छुक व्यक्ति अपने स्टॉल लगाने हेतु रेडक्रॉस कार्यालय धर्मशाला में संपर्क कर सकते हैं।
इस अवसर पर रेडक्रॉस सोसायटी द्वारा एक स्मारिका का प्रकाशन भी किया जाएगा, जिसमें समाज सेवा, स्वास्थ्य जागरूकता और रेडक्रॉस की गतिविधियों से संबंधित लेख, संदेश और विज्ञापन प्रकाशित किए जाएंगे। इच्छुक व्यक्ति इसमें सहयोग के लिए कार्यालय से संपर्क कर सकते हैं। अधिक जानकारी के लिए दूरभाष नंबर 01892-224888 तथा मोबाइल नंबर 94188-32244 पर संपर्क किया जा सकता है। मेले को और अधिक आकर्षक बनाने के लिए लकी ड्रा का भी आयोजन किया जाएगा। लकी ड्रा में प्रथम पुरस्कार मोटरसाइकिल, द्वितीय पुरस्कार लैपटॉप, तृतीय पुरस्कार एलईडी टीवी के साथ-साथ रेफ्रिजरेटर, वाशिंग मशीन, माइक्रोवेव ओवन, वाटर प्यूरीफायर, सीलिंग फैन तथा अन्य सांत्वना पुरस्कार भी शामिल होंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *