राज्य स्तरीय नलवाड़ी मेले में सजेंगे पशुओं के रंग, 17 मार्च से शुरू प्रतियोगिताएं: उपायुक्त
बिलासपुर, राज्य स्तरीय नलवाडी़ मेले के अवसर पर 17 मार्च से 20 मार्च 2026 तक विभिन्न पशु प्रतियोगिताओं और कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। यह जानकारी उपायुक्त बिलासपुर राहुल कुमार ने दी
उपायुक्त ने बताया कि मेले के दौरान पशुपालन विभाग द्वारा एक प्रदर्शनी स्टॉल भी लगाया जाएगा, जहां पशुपालकों को विभाग की आधुनिक योजनाओं, पशु स्वास्थ्य प्रबंधन तथा वैज्ञानिक पशुपालन की जानकारी दी जाएगी। इसके अतिरिक्त डॉग शो में भाग लेने वाले सभी श्वानों का विभाग द्वारा मौके पर ही निःशुल्क टीकाकरण किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि 17 मार्च को डॉग शो का आयोजन किया जाएगा, जिसमें पंजीकरण दोपहर 1ः00 बजे से 3ः00 बजे तक होगा तथा प्रतियोगिता 3ः00 बजे से 5ः00 बजे तक आयोजित होगी। साथ ही पुरस्कार वितरण शाम 5ः00 बजे से 6ः00 बजे तक किया जाएगा। उन्होंने बताया कि 18 मार्च को गाय और भैंस प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। इसके लिए पंजीकरण दोपहर 12ः00 बजे तक होगा और प्रतियोगिता दोपहर 1ः00 बजे से प्रारंभ होगी। इस दिन केवल गाय और भैंसों की ही प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। इसी क्रम में 19 मार्च को बैल, बकरी एवं भेड़ प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। इसके लिए पंजीकरण दोपहर 12ः00 बजे तक होगा और प्रतियोगिता दोपहर 1ः00 बजे से शुरू होगी।
उपायुक्त ने बताया कि 20 मार्च को मुख्य सम्मान समारोह आयोजित किया जाएगा, जिसमें विभिन्न श्रेणियों में विजेता रहे प्रतिभागियों को नकद पुरस्कार और प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया जाएगा।
उन्होंने पशुपालकों से अधिक से अधिक संख्या में भाग लेकर मेले को सफल बनाने का आह्वान किया।
