पढ़ियारखर में आयुष ग्राम परियोजना के अंतर्गत “स्वस्थ ग्राम–समृद्ध ग्राम” कार्यक्रम आयोजित*
आशीष बुटेल ने की बतौर मुख्य अतिथि शिरकत
पालमपुर, आयुष विभाग हिमाचल प्रदेश उपमंडल पालमपुर स्थित नच्छीर बंदला द्वारा ग्राम पंचायत पढ़ियारखर में आयुष ग्राम परियोजना के अंतर्गत “स्वस्थ ग्राम–समृद्ध ग्राम” कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर पालमपुर के विधायक आशीष बुटेल बतौर मुख्यातिथि उपस्थित रहे।
मुख्यातिथि आशीष बुटेल ने कहा कि आयुष पद्धति भारत की प्राचीन एवं समृद्ध चिकित्सा प्रणाली है जो न केवल रोगों के उपचार में सहायक है बल्कि स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। उन्होंने कहा कि आयुर्वेद, योग एवं प्राकृतिक चिकित्सा को अपनाकर लोग अनेक बीमारियों से बचाव कर सकते हैं और स्वस्थ जीवन जी सकते हैं।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ग्रामीण क्षेत्रों में आयुष सेवाओं के विस्तार एवं सुदृढ़ीकरण के लिए निरंतर प्रयास कर रही है ताकि लोगों को अपने ही क्षेत्र में बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध हो सकें। उन्होंने विभाग द्वारा आयोजित इस प्रकार के जागरूकता कार्यक्रमों की सराहना करते हुए कहा कि इससे लोगों को आयुर्वेद एवं योग के प्रति जागरूकता बढ़ती है और वे इन्हें अपनी दैनिक जीवनशैली में अपनाने के लिए प्रेरित होते हैं।
कार्यक्रम के दौरान आयुष विभाग द्वारा विभिन्न विषयों पर जानकारी प्रदान की गई। इसमें एंटी नटल एवं पोस्ट नटल देखभाल, गर्भ संस्कार एवं स्वर्ण प्राशन, आयुर्वेद परिचर्चा, योग जागरूकता गतिविधियां, संक्रामक रोगों से बचाव तथा आयुर्वेदिक आहार, घरेलू उपचार एवं औषधीय पेय पदार्थों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।
इसके अतिरिक्त कार्यक्रम के अंतर्गत स्वास्थ्य जां शिविर, योग जागरूकता शिविर तथा आयुष मेले का भी आयोजन किया गया। मेले में जड़ी-बूटियों की प्रदर्शनी लगाई गई तथा औषधीय पौधों के महत्व, उपयोग एवं संरक्षण के बारे में लोगों को जागरूक किया गया।
आयुष मेले के दौरान विधायक ने अश्वगंधा का पौधा रोपकर लोगों को घऱ पर औषधीय पौधे लगाने के लिए प्रेरित किया। मेले में उपस्थित सभी लोगों ने योग क्रियाएं भी की।
इस अवसर पर एसडीएएमओ डॉ. तनुजा नागपाल,डॉ. गौरव शर्मा, डॉ. ईशा महाजन, डॉ. विजय करन, स्थानीय गणमान्य करतार, तिलक, रविंदर लाला, प्रीतम चन्द,कृष्ण चन्द, संसार चन्द सहित आयुष विभाग के कर्मचारी , स्थानीय जनप्रतिनिधि, क्षेत्र के ग्रामीण उपस्थित रहे।
