March 9, 2026

वेस्टइंडीज और दक्षिण अफ्रीका से पहले इंग्लैंड टीम कैसे स्वदेश लौट गई?

आईसीसी ने दिया जवाब

नई दिल्ली, टी20 विश्व कप 2026 में हिस्सा लेने के लिए भारत पहुंची कई टीमों को टूर्नामेंट में अपने सफर की समाप्ति के बाद स्वदेश वापसी में परेशानियों का सामना करना पड़ा। ईरान और इजरायल के बीच हो रही भीषण बमबारी की वजह से मिडिल ईस्ट और पश्चिम एशिया का हवाई यातायात प्रभावित हुआ है जिसकी वजह से कई टीमें निर्धारित शेड्यूल के मुताबिक स्वदेश नहीं पहुंच सकी हैं। 1 मार्च को भारत के खिलाफ अपना आखिरी मैच खेलने वाली वेस्टइंडीज की टीम अभी भी भारत में फंसी हुई है। 4 मार्च को न्यूजीलैंड के खिलाफ सेमीफाइनल हारने वाली दक्षिण अफ्रीका की टीम भी भारत में है, जबकि 5 मार्च को भारत के खिलाफ सेमीफाइनल हारने वाली इंग्लैंड स्वदेश लौट चुकी है। इससे विवाद खड़ा हो गया है और इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (आईसीसी) पर भेदभाव का आरोप लगाया जा रहा है। इंग्लैंड के जल्दी स्वदेश लौटने और वेस्टइंडीज और दक्षिण अफ्रीका के भारत में होने पर सवाल उठ रहे हैं। इंग्लैंड के पूर्व कप्तान माइकल वॉन ने आईसीसी पर खास ध्यान देने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि इस स्थिति में सभी टीमों के साथ एक जैसा बर्ताव होना चाहिए। आईसीसी टेबल पर किसी टीम का ताकतवर होना अहम नहीं होना चाहिए।
एक रिपोर्ट के मुताबिक, आईसीसी ने पक्षपात के लगे आरोपों का जवाब देते हुए कहा कि रवाना होने के क्रम पर फैसले सिर्फ एयरस्पेस की उपलब्धता, एयरक्राफ्ट रूटिंग अनुमति, वीजा की जरूरतों और सुरक्षा को ध्यान में रखकर लिए जा रहे हैं। यह कहना कि टीमों को इन रुकावटों के अलावा किसी और वजह से प्राथमिकता दी गई है, गलत है।
कुछ दिन पहले, वेस्टइंडीज के हेड कोच डैरेन सैमी ने एक्स पर एक पोस्ट में लिखा था- मैं बस घर जाना चाहता हूं। उनकी इस पोस्ट ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर खूब चर्चा बटोरी थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *