आईटीआई बैजनाथ में 19 मार्च को लार्सन एंड टुब्रो लिमिटेड द्वारा कैंपस प्लेसमेंट
बैजनाथ,
औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान बैजनाथ की प्रधानाचार्या रीता शर्मा ने आज यहां जानकारी देते हुए बताया कि कांचीपुरम स्थित लार्सन एंड टुब्रो लिमिटेड (एल एंड टी) कंपनी द्वारा 19 मार्च 2026 को आईटीआई बैजनाथ के परिसर में कैंपस प्लेसमेंट का आयोजन किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि इस कैंपस साक्षात्कार में किसी भी मान्यता प्राप्त आईटीआई से प्रशिक्षित फिटर, वेल्डर, कारपेंटर, प्लंबर तथा इलेक्ट्रीशियन ट्रेड के अभ्यर्थी भाग ले सकते हैं।कंपनी द्वारा चयनित अभ्यर्थियों को प्रारंभ में दो माह तक प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा। प्रशिक्षण पूर्ण होने पर उन्हें नेशनल स्किल प्रशिक्षण प्रमाण पत्र भी उपलब्ध करवाया जाएगा एवं दो माह की प्रशिक्षण प्रक्रिया पूर्णतः निःशुल्क रहेगी।उसके पश्चात अभ्यर्थियों का नियमित पदों के लिए चयनित किया जाएगा। चयनित युवाओं को कंपनी द्वारा 20 हजार रुपये प्रतिमाह सीटीसी प्रदान किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि कंपनी में आवेदन करने के लिए अभ्यर्थियों की आयु 18 से 35 वर्ष के बीच होनी चाहिए साथ ही साक्षात्कार वाले दिन अभ्यर्थी को अपने साथ आधार कार्ड, बोनाफाइड, 10वीं, 12वीं, आईटीआई प्रमाण पत्र, पासपोर्ट साइज फोटो तथा अन्य आवश्यक दस्तावेज लाना अनिवार्य है। चयनित अभ्यर्थियों के लिए कंपनी द्वारा रहने की सुविधा निःशुल्क उपलब्ध करवाई जाएगी जबकि भोजन के लिए निर्धारित शुल्क देना होगा। इसके अतिरिक्त ईएसआई, पीएफ तथा अन्य कंपनी सुविधाएं भी प्रदान की जाएंगी।
प्रधानाचार्या ने सभी पात्र युवाओं से आह्वान किया है कि वे 19 मार्च 2026 को प्रातः 9:00 बजे आई टी आई बैजनाथ में उपस्थित होकर इस कैंपस प्लेसमेंट प्रक्रिया में अवश्य भाग लें।
