वार्डों के परिसीमन के लिए प्राधिकृत अधिकारी नियुक्त, 2 मार्च तक कार्य पूरे करने के आदेश
मंडी, 25 फरवरी। उपायुक्त अपूर्व देवगन ने जिला मण्डी की पंचायत समिति द्रंग स्थित पधर के निर्वाचन क्षेत्रों के परिसीमन को तैयार करने तथा निर्वाचन क्षेत्रों के परिसीमन का जनसाधारण की जानकारी हेतु प्रकाशन करने के लिए उपमण्डलाधिकारी (ना०) पधर को प्राधिकृत अधिकारी नियुक्त करने संबंधी अधिसूचना जारी की है। साथ ही आदेश दिए हैं कि 02 मार्च, 2026 तक या इससे पूर्व इसका अंतिम प्रकाशन करना सुनिश्चित करें।
अधिसूचना के अनुसार पंचायतों के पुनर्गठन एवं पंचायती राज संस्थाओं के निर्वाचन के दृष्टिगत पुनर्गठन से प्रभावित होने वाली ग्राम पंचायत, पंचायत समिति तथा जिला परिषद के वार्डों का परिसीमन होना है, जिसके संदर्भ में जारी विभिन्न निर्देशों के अनुसार इस बारे में अधिसूचना जारी कर दी गई है।
उपायुक्त की ओर से जारी एक अन्य अधिसूचना के अनुसार विकास खण्ड द्रंग की ग्राम पंचायत मसौली तथा नेर घरवासडा के क्षेत्रों का पुनर्गठन/विभाजन कर नए ग्राम सभा क्षेत्रों का गठन हुआ है। इसके दृष्टिगत पुनर्गठन से प्रभावित होने वाली ग्राम पंचायत, पंचायत समिति तथा जिला परिषद के वार्डों का परिसीमन होना है।
इसके लिए उपायुक्त अपूर्व देवगन ने खण्ड विकास अधिकारी द्रंग स्थित पधर को उनके सम्बन्धित विकास खण्ड की ग्राम पंचायत नेर घरवासड़ा, मसौली, छतर व मनोह के निर्वाचन क्षेत्रों के परिसीमन को तैयार करने तथा निर्वाचन क्षेत्रों के परिसीमन का जनसाधारण की जानकारी हेतु प्रकाशन करने के लिए प्राधिकृत अधिकारी नियुक्त करने की अधिसूचना जारी की है। साथ ही आदेश दिए हैं कि परिसीमन का अंतिम प्रकाशन 02 मार्च, 2026 तक करना सुनिश्चित करें।
