22 मार्च से मंडी, कुल्लू एवं लाहौल-स्पीति के युवाओं के लिये होगी भर्ती रैली
कुल्लू, 16 फरवरी : कर्नल गौतम निशांत, भर्ती निदेशक, सेना भर्ती कार्यालय मंडी ने बताया कि अग्निपथ योजना के अंतर्गत अग्निवीरों की भर्ती वर्ष 2025-26 के लिए भर्ती रैली का आयोजन 22 से 30 मार्च 2026 तक ट्रेनिंग ग्राउंड, (3rd) थर्ड इंडिया रिजर्व बटालियन, पंडोह, जिला मंडी (हिमाचल प्रदेश) में किया जाएगा।
इस भर्ती रैली में मंडी, कुल्लू एवं लाहौल-स्पीति जिलों के वे अभ्यर्थी भाग लेंगे, जिन्होंने वर्ष 2025 की लिखित परीक्षा उत्तीर्ण की है। लिखित परीक्षा में सफल अभ्यर्थियों के एडमिट कार्ड कुछ दिनों बाद भारतीय सेना की वेबसाइट www.joinindianarmy.nic.in पर जारी कर दिए जाएंगे।
इस संबंध में जानकारी सभी अभ्यर्थियों को उनके पंजीकृत ई-मेल आईडी पर भी भेजी जाएगी। अभ्यर्थी ई-मेल अथवा वेबसाइट पर लॉग-इन कर अपना एडमिट कार्ड डाउनलोड कर सकते हैं। अभ्यर्थियों को प्रवेश पत्र में दर्शाई गई तिथि एवं समय के अनुसार ट्रेनिंग ग्राउंड, थर्ड इंडिया रिजर्व बटालियन, पंडोह में भर्ती रैली के लिए उपस्थित होना सुनिश्चित करना होगा।
भर्ती निदेशक ने अभ्यर्थियों को सलाह दी है कि वे भर्ती रैली से संबंधित जारी अधिसूचना के अनुसार सभी आवश्यक दस्तावेज अपने साथ लाना सुनिश्चित करें तथा निर्धारित भर्ती तिथि और समय के अनुसार समय पर रैली स्थल पर पहुंचें।
