February 11, 2026

एयर टैक्सी से मिनटों में पहुंचेंगे ऑफिस और अस्पताल

जानिए कहां और कब से होगी शुरू

नई दिल्ली, दिल्ली-एनसीआर में लगातार बढ़ते ट्रैफिक जाम से जूझ रहे लोगों के लिए भविष्य में बड़ी राहत मिल सकती है। सड़क यातायात के दबाव को कम करने के उद्देश्य से एयर टैक्सी कॉरिडोर का प्रस्ताव सामने आया है। इस योजना के लागू होने पर सेंट्रल दिल्ली से गुरुग्राम का सफर मात्र 12 मिनट में पूरा किया जा सकेगा।

भारतीय उद्योग परिसंघ की एक रिपोर्ट के अनुसार, एयर टैक्सी कॉरिडोर दिल्ली-एनसीआर की पुरानी ट्रैफिक और बुनियादी ढांचे की समस्या का प्रभावी समाधान बन सकता है। रिपोर्ट में कहा गया है कि यह पहल शहरी परिवहन को नई दिशा दे सकती है।

सीआईआई ने गुरुग्राम, कनॉट प्लेस और नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट को जोड़ने वाला एक पायलट एडवांस्ड एयर मोबिलिटी कॉरिडोर प्रस्तावित किया है। इसमें इलेक्ट्रिक वर्टिकल टेक-ऑफ एंड लैंडिंग एयरक्राफ्ट समेत आधुनिक एविएशन तकनीकों के सुरक्षित उपयोग पर जोर दिया गया है। हालांकि फिलहाल यह केवल प्रस्ताव है और इसे अभी आधिकारिक मंजूरी नहीं मिली है।

रिपोर्ट में कहा गया है कि यदि यह मॉडल दिल्ली-एनसीआर में सफल रहता है, तो भविष्य में इसे मुंबई, बेंगलुरु, चेन्नई और हैदराबाद जैसे अन्य बड़े महानगरों में भी लागू किया जा सकता है।

एयर टैक्सी का उपयोग आपात चिकित्सा सेवाओं के लिए भी किया जा सकता है। इसके तहत प्रमुख अस्पतालों में वर्टीपोर्ट्स विकसित किए जाएंगे। इससे एम्स समेत बड़े अस्पतालों के बीच मरीजों को तेजी से रेफर करना संभव हो सकेगा।

एयर टैक्सी सेवा शुरू होने से यात्रा समय में भारी कमी आने की संभावना है। रिपोर्ट के अनुसार, सेंट्रल दिल्ली से गुरुग्राम का सफर 12 मिनट से कम समय में पूरा हो सकेगा, जबकि सड़क मार्ग से इसमें 1 से डेढ़ घंटे तक लगते हैं। कनॉट प्लेस से नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट का सफर 20 मिनट से कम समय में संभव होगा, जो सड़क से 2 से 3 घंटे लेता है।

देश की राजधानी होने के कारण दिल्ली में कई क्षेत्र हाई-सेंसिटिव ज़ोन हैं। दिल्ली कैंट, लुटियंस दिल्ली और आईजीआई एयरपोर्ट के ऊपर से एयर टैक्सी संचालन की अनुमति नहीं दी जा सकती। इसके लिए नागरिक उड्डयन महानिदेशालय को नए मानक, रूट्स और सुरक्षा प्रोटोकॉल तैयार करने होंगे। फायर सेफ्टी, इमरजेंसी इवैक्यूएशन और क्लियर एयरस्पेस जैसी व्यवस्थाएं भी अनिवार्य होंगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *