February 11, 2026

पटना सिविल कोर्ट को मिली बम से उड़ाने की धमकी

जजों के चैंबर में आरडीएक्स होने का दावा; परिसर खाली कराया गया

पटना, पटना सिविल कोर्ट को आज एक बार फिर बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद पूरे परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सिविल कोर्ट और जिला बार एसोसिएशन को एक ईमेल के जरिए यह धमकी भरा पत्र भेजा गया है। ईमेल में दावा किया गया है कि कोर्ट परिसर में बम प्लांट किए गए हैं, जिसके बाद प्रशासन ने तुरंत कार्रवाई करते हुए पूरे कोर्ट परिसर को खाली करा लिया है।

धमकी भरे ईमेल में बेहद सनसनीखेज और खतरनाक बातें लिखी गई हैं। मेल भेजने वाले ने लिखा है कि जजों के चैंबर और वॉशरूम में 4 आरडीएक्स रखे गए हैं, जिन्हें रिमोट कंट्रोल के जरिए ब्लास्ट किया जाएगा। इस सूचना के मिलते ही सुरक्षा एजेंसियों के कान खड़े हो गए। आनन-फानन में सभी जज और वकील अपने चैंबर छोड़कर बाहर सुरक्षित स्थानों पर निकल आए। सुरक्षा के लिहाज से कोर्ट का कामकाज पूरी तरह रोक दिया गया है।

घटना की सूचना मिलते ही पीरबहोर थाने की पुलिस मौके पर पहुंच गई है। पुलिस ने एहतियात बरतते हुए कोर्ट परिसर को सील कर दिया है और किसी को भी अंदर जाने की अनुमति नहीं दी जा रही है। पेशी के लिए आए कैदियों और गवाहों को भी गेट से ही वापस लौटा दिया गया। पटना पुलिस ने बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वायड की मदद से कोर्ट के चप्पे-चप्पे की तलाशी ली है। पटना सिटी कोर्ट में भी सुरक्षा बढ़ा दी गई है, हालांकि अभी तक जांच में कोई विस्फोटक सामग्री नहीं मिली है।

लगातार मिल रही धमकियों ने पुलिस और प्रशासन की चिंता बढ़ा दी है। यह पिछले एक महीने में तीसरी बार है जब पटना सिविल कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी दी गई है। इससे पहले 8 जनवरी और 28 जनवरी को भी ठीक इसी तरह के धमकी भरे ईमेल प्रशासन को मिले थे। इन लगातार घटनाओं को देखते हुए अब पूरे बिहार के सभी न्यायालयों की सुरक्षा व्यवस्था को कड़ा कर दिया गया है और हर आने-जाने वाले पर कड़ी नजर रखी जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *