बंगाणा की नवविवाहिता की सांप के डसने से मृत्यु
अजय कुमार, बंगाणा : उपमंडल बंगाणा की 22 वर्षीय नवविवाहिता की सांप के डसने से मृत्यु हो गई। मुच्छाली पंचायत के गांव तेही की नवविवाहिता कंचन को शनिवार 9:00 बजे के करीब खाना बनाते समय सांप ने डस लिया। कंचन की शादी को अभी एक महीना भी पूरा नहीं हो पाया था। ससुराल वालों ने कंचन को गंभीर अवस्था में अस्पताल पहुंचाया लेकिन रविवार सुबह 8:00 बजे कंचन मृत्यु के आगोश में चली गई। इस संबंध में पुलिस ने मामला दर्ज करके शव को पोस्टमार्टम के लिए ऊना अस्पताल भेज दिया है व मामला दर्ज करके पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने का इंतजार किया जा रहा है।
जानकारी के मुताबिक छपरोह पंचायत के गांव बूसल की 22 वर्षीय महिला कंचन पुत्री अशोक कुमार की शादी मुच्छाली पंचायत के गांव तेही के सुनील कुमार से हुई थी। कंचन की शादी को अभी एक महीना ही पूरा हुआ था कि शनिवार शाम खाना बनाते समय कंचन को जहरीले सांप ने डस लिया। कंचन के ससुराल वालों ने उसे क्षेत्रीय अस्पताल बंगाणा पहुंचाया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर अवस्था में महिला को जिला चिकित्सालय के लिए रेफर कर दिया।
जिला चिकित्सालय के चिकित्सकों ने भी हालत को ज्यादा गंभीर देखते हुए कंचन को होशियारपुर के लिए रेफर कर दिया। होशियारपुर अस्पताल के गेट पर पहुंचते ही कंचन की मृत्यु हो गई। इस संबंध में थाना प्रभारी रवि रामपाल ने बताया कि पुलिस ने इस संबंध में मामला दर्ज करके शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है व रिपोर्ट आने के बाद ही मृत्यु के कारण स्पष्ट हो पाएंगे। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है व छानबीन जारी है।
