सरकारी भारत टैक्सी सेवा आज से शुरू, निजी कैब कंपनियों को टक्कर
नई दिल्ली, राजधानी दिल्ली की सड़कों पर आज से एक नई सरकारी कैब सेवा भारत टैक्सी शुरू हो गई है, जो निजी ऐप आधारित कैब कंपनियों के लंबे एकाधिकार को सीधी चुनौती देती नजर आ रही है। सरकार समर्थित इस प्लेटफॉर्म का उद्देश्य आम यात्रियों को किफायती, सुरक्षित और पारदर्शी टैक्सी सेवा उपलब्ध कराना है। बढ़ते किराये, सर्ज प्राइसिंग और लगातार मिल रही शिकायतों के बीच भारत टैक्सी को एक मजबूत विकल्प के तौर पर देखा जा रहा है।
भारत टैक्सी एक सरकारी समर्थन प्राप्त सहकारी कैब सर्विस प्लेटफॉर्म है, जिसे यात्रियों और ड्राइवरों दोनों के हितों को ध्यान में रखते हुए डिजाइन किया गया है। इसका लक्ष्य देशभर में एक भरोसेमंद और सुलभ टैक्सी नेटवर्क तैयार करना है, जिसकी शुरुआत आज दिल्ली से की गई है।
इस प्लेटफॉर्म को दुनिया के सबसे बड़े ड्राइवर-ओन्ड नेटवर्क के रूप में पेश किया जा रहा है। दिल्ली और गुजरात में ऑटो, कार और बाइक तीनों कैटेगरी को मिलाकर अब तक 51 हजार से अधिक ड्राइवर रजिस्ट्रेशन करा चुके हैं। फिलहाल यह सेवा पूरे देश में लागू नहीं हुई है, लेकिन दिल्ली से इसकी औपचारिक शुरुआत हो चुकी है।
भारत टैक्सी की बुकिंग भारत टैक्सी मोबाइल ऐप के जरिए की जा सकती है। राइडर और ड्राइवर दोनों के लिए अलग-अलग मोबाइल ऐप गूगल प्ले स्टोर और एप्पल ऐप स्टोर पर उपलब्ध हैं। ध्यान रखें कि केवल वही ऐप डाउनलोड करें, जो सहकार टैक्सी कोऑपरेटिव लिमिटेड द्वारा जारी किया गया हो। यात्री राइडर ऐप और सेवा से जुड़ने के इच्छुक ड्राइवर, ड्राइवर ऐप डाउनलोड कर सकते हैं। ऐप में यात्रियों को रियल टाइम कैब ट्रैकिंग, ड्राइवर की पूरी जानकारी और यात्रा से पहले किराये का स्पष्ट विवरण मिलेगा, जिससे किसी भी तरह की असमंजस की स्थिति नहीं बनेगी।
भारत टैक्सी की सबसे बड़ी खासियत इसका पारदर्शी फेयर स्ट्रक्चर है। इसमें सर्ज प्राइसिंग लागू नहीं होगी, यानी पीक ऑवर या खराब मौसम में भी यात्रियों को मनमाना किराया नहीं देना पड़ेगा। यही वजह है कि इसे निजी कैब कंपनियों के लिए सबसे बड़ी चुनौती माना जा रहा है। सहकार टैक्सी कोऑपरेटिव के अनुसार, इस प्लेटफॉर्म पर ड्राइवरों को यात्रियों द्वारा किया गया भुगतान सीधे मिलेगा। दावा किया गया है कि ड्राइवरों को 80 प्रतिशत से अधिक किराया प्राप्त होगा, जिससे उनकी आमदनी बढ़ेगी और वे बिना अतिरिक्त दबाव के बेहतर सेवा दे सकेंगे।
भारत टैक्सी ऐप पर यात्रियों को ऑटो, कार और बाइक टैक्सी तीनों की सुविधा मिलेगी। कम दूरी से लेकर लंबी यात्रा तक, हर जरूरत के लिए एक ही प्लेटफॉर्म उपलब्ध होगा, जहां ग्राहक अपने बजट और जरूरत के अनुसार सवारी चुन सकेंगे। भारत टैक्सी में यात्रियों की सुरक्षा को विशेष प्राथमिकता दी गई है। सभी ड्राइवरों का पुलिस वेरिफिकेशन अनिवार्य होगा। इसके साथ ही ऐप में इमरजेंसी बटन, लाइव लोकेशन शेयरिंग और ट्रिप हिस्ट्री जैसी सुविधाएं दी गई हैं, ताकि यात्री और उनके परिवार निश्चिंत होकर यात्रा कर सकें।
