February 15, 2026

हिमाचल बॉर्डर पर एंट्री टैक्स के विरोध में गूंजा संघर्ष

इलाका बचाओ संघर्ष मोर्चा प्रदर्शन बना ऐतिहासिक मिसाल

शिवांकुर शर्मा, नंगल, हिमाचल बॉर्डर मैहतपुर तथा पंजाब सीमा पर वसूले जा रहे एंट्री टैक्स के खिलाफ इलाका बचाओ संघर्ष मोर्चा ने जोरदार रोष प्रदर्शन किया। इस संघर्ष में 15 से अधिक संगठनों व राजनीतिक दलों के नेताओं ने एक मंच पर आकर अपनी आवाज बुलंद की। मोर्चा का यह प्रयास ऐतिहासिक माना जा रहा है, क्योंकि इस तरह की एकजुटता पहले कभी दिखाई नहीं दी थी।

पूरी तैयारी के साथ हिमाचल बॉर्डर पहुंचे संघर्ष मोर्चा के संयोजक एडवोकेट परमजीत सिंह पम्मा, एडवोकेट निशांत गुप्ता,कुलदीप चंद,रणजीत सिंह लकी, गुरदीप सिंह बाबा, जसपाल सिंह, पार्षद दीपक नंदा, छात्र संगठन के नेता रणवीर सिंह रंधावा, जवाहर मार्केट व्यापार मंडल के प्रधान राजेश आंगरा आदि जनप्रतिनिधियों ने हिमाचल सरकार की इस टैक्स नीति को अन्यायपूर्ण करार दिया। उनका कहना था कि एंट्री टैक्स हटने से पंजाब व हिमाचल के व्यापार में बढ़ोतरी होगी और संबंधों में भी मधुरता आएगी।

नेताओं ने चेतावनी दी कि टैक्स वसूली के कारण जहां आए दिन ट्रैफिक जाम व झगड़े होते हैं, वहीं सीमावर्ती परिवार तो सबसे अधिक परेशान हैं। उनके घर बॉर्डर के करीब हैं लेकिन किसी भी तरह की छूट नहीं दी जा रही। एडवोकेट पम्मा ने कहा कि यह संघर्ष जनता की आवाज है, जिसे दबाकर कई वर्षों से जबरन टैक्स वसूला जा रहा है।

पार्षद रणजीत सिंह लकी ने कहा कि हिमाचल सरकार, भारत सरकार से भी ज्यादा वसूली कर रही है जबकि नेशनल हाईवे के निर्माण में उसका कोई योगदान नहीं। कर्मचारी नेता दविंदर गांधी ने कहा कि सीमा से सटे लोगों को हिमाचल में जाकर मात्र 50 रुपए की शॉपिंग के लिए भी 70 रुपए का टोल देना पड़ता है। उन्होंने कहा कि सरकार को अपनी आमदनी के साधन सुधारने चाहिए न कि जनता पर टैक्स का बोझ डालना चाहिए।

सीनियर सिटीजन कौंसिल के बलराम सिंह व कुलदीप चंद ने कहा कि यह टैक्स सीमावर्ती लोगों के लिए जी का जंजाल बन चुका है। संघर्ष मोर्चा ने साफ कर दिया कि यह लड़ाई अब पूरी मजबूती से लड़ी जाएगी।

रोष प्रदर्शन में अर्पण संस्था के डायरेक्टर कुलदीप चंद, एडवोकेट निशांत गुप्ता, पावर कॉम पैशनर्स एसोसिएशन के प्रधान मदन लाल सिद्धू, भीमराव क्रांति सेना पंजाब के प्रधान एवं पार्षद रणजीत सिंह लकी, भगवान वाल्मीकि धार्मिक सत्संग सभा के प्रधान राकेश चौधरी, शिरोमणि अकाली दल नंगल सर्कल के प्रधान गुरदीप सिंह बाबा, जसपाल सिंह, बार एसोसिएशन नंगल के एडवोकेट विनायक शर्मा, नरेश बिट्टू, एडवोकेट विशाल सैनी, एडवोकेट दीपक चंदेल, ऑल इंडिया बीएसएनएल पेंशनर वेलफेयर एसोसिएशन के प्रांतीय सहायक सचिव एसडी सैनी, सीनियर सिटीजन कौंसिल के सचिव बलराम सिंह, शिव सेना के राजन आनंद, नूरपुर बेदी के समाजसेवी डीपी राणा, अकाली दल स्त्री विंग की प्रांतीय सचिव बीबी तारा सैनी, पूर्व जिला परिषद सदस्य राम कुमार सहोड़, जवाहर मार्केट व्यापार मंडल के प्रधान राज पाल आंगरा व व्यापार मंडल मैहतपुर के प्रधान सुभाष ऐरी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *