थानाकला के निपुण शर्मा ने मैट्रिक मैरिट सूची में चमकाया नाम
691 अंकों के साथ उपमंडल बंगाणा का बढ़ाया मान
रजनी, ऊना: उपमंडल बंगाणा के आदर्श वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय थानाकला के होनहार छात्र निपुण शर्मा ने 691 अंक प्राप्त कर मैरिट सूची में स्थान बनाते हुए विद्यालय व समूचे क्षेत्र का नाम रोशन किया है। निपुण की इस उत्कृष्ट उपलब्धि पर पूरे विद्यालय परिवार और क्षेत्रवासियों में गर्व की लहर दौड़ गई है।
निपुण वर्तमान में प्लस वन कक्षा में नॉन-मेडिकल विषयों का अध्ययन कर रहा है और भविष्य में एक इंजीनियर बनने का सपना रखता है। उनका शैक्षणिक माहौल घर से ही मिलता है। पिता उमेश कुमार स्वयं एक अध्यापक हैं, जबकि माता सुनीता कुमारी गृहिणी हैं। निपुण की बड़ी बहन भी इंजीनियरिंग की पढ़ाई कर रही हैं, जिससे उन्हें निरंतर मार्गदर्शन मिलता रहता है।
विद्यालय के प्रधानाचार्य संजीव पराशर ने निपुण की सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि निपुण अत्यंत मेहनती और अनुशासित छात्र है। उसकी लगन और समर्पण ने उसे आज यह मुकाम दिलाया है। यह पुरस्कार उसकी कड़ी मेहनत का प्रतिफल है।
विद्यालय के समस्त अध्यापकों और छात्र-छात्राओं ने निपुण को मिठाई खिलाकर व तालियों की गूंज के साथ सम्मानित किया। साथ ही, उसके माता-पिता को भी स्कूल में आमंत्रित कर उन्हें हार्दिक बधाई दी गई। सभी ने मिलकर निपुण के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।अघलौर गांव का यह होनहार अब पूरे क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणास्त्रोत बन गया है।
