कैबिनेट मंत्री हरजोत बैंस ने ईद-उल-फितर की शुभकामनाएं दीं
सांप्रदायिक सद्भाव को मजबूत करने के लिए सभी धर्मों के त्योहारों को एक साथ मनाने का आह्वान
राज घई, कीरतपुर साहिब: पंजाब के सूचना एवं लोक संपर्क, स्कूल शिक्षा, उच्च शिक्षा, तकनीकी शिक्षा, औद्योगिक प्रशिक्षण तथा भाषा विभाग के कैबिनेट मंत्री स. हरजोत सिंह बैंस ने भरतगढ़ ईदगाह पहुंचकर ईद-उल-फितर की बधाई दी तथा सभी धर्मों के लोगों को यह त्यौहार मिलजुल कर मनाने का निमंत्रण दिया।
उन्होंने कहा कि हमारा देश एक धर्मनिरपेक्ष देश है और विशेषकर पंजाब प्रदेश के लोग सभी धर्मों के त्यौहारों को मिलजुल कर मनाते हैं, यहां आपसी सद्भावना और भाईचारे की अनूठी मिसाल मौजूद है। आज हम ईद-उल-फितर का त्यौहार मना रहे हैं। यह मुस्लिम समुदाय के लिए बहुत पवित्र दिन है। रमजान के बाद, समुदाय इस दिन का बेसब्री से इंतजार करता है। सभी धर्मों के लोग इस त्यौहार को एक साथ मनाते हैं। उन्होंने यहां आए विभिन्न धर्मों के लोगों को बधाई दी और कहा कि हमारे देश में भाईचारे और एकजुटता का पंजाब से बड़ा उदाहरण कहीं नहीं है। उन्होंने ईदगाह की चारदीवारी के लिए 10 लाख रुपये देने की घोषणा की। इस अवसर पर स. हरजोत सिंह बैंस को विशेष रूप से सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर जुझार सिंह आसपुर, गुरसेवक राणा, मोहित गिल, हरविन्द्र सिंह, राज मोहम्मद, विक्की खान, सरपंच सोहन मोहम्मद, रिंकी खान, विक्की खान, करम दीन सहित बड़ी संख्या में गणमान्य लोग उपस्थित थे।
