स्वच्छता अभियान को सफल बनाने के लिए ग्राम जल एवं सीवरेज समिति के प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजन किया
जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के जल एवं स्वच्छता सहायक संगठन की ओर से आज गांव हमीदपुर में सरपंच कैलाश चंद की अध्यक्षता में पेयजल व्यवस्था प्रबंधन व स्वच्छता अभियान को सफल बनाने के लिए ग्राम जल एवं सीवरेज समिति के प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजन किया। खंड संसाधन संयोजक इंद्रजीत ने कहा कि जल प्रबंधन व स्वच्छता को अपनाते हुए जल जीवन मिशन को सफल बनाने में ग्राम जल एवं सीवरेज समिति की अहम भूमिका है। इसलिए ग्राम जल एवं सीवरेज समिति को अपने अधिकार व कर्तव्यों के प्रति जागरूक होते हुए कार्य करने की जरूरत है ताकि पेयजल के उचित प्रयोग के साथ उसकी स्वच्छता बनी रहे। साफ पानी प्राप्त करना सभी का अधिकार है और पानी को साफ करना सभी का कर्तव्य है। यदि कोई व्यक्ति जानबूझ कर पेयजल व्यवस्था को बाधित करता है तो ऐसे व्यक्ति के खिलाफ होने वाली पंचायती या विभागीय कारवाई के लिए वह स्वयं जिम्मेदार होगा।
इस मौके पर ग्राम सचिव हवा सिंह ने बताया कि स्वस्थ जीवन के लिए सभी को स्वच्छता अभियान को सफल बनाने में भागीदारी करते हुए सार्वजनिक स्थानों व जल स्त्रोतों के पास गंदगी नहीं डालनी चाहिए। किसी एक व्यक्ति की लापरवाही डायरिया जैसी जल जनित बीमारी का कारण बनती है जो हमारे स्वास्थ्य के लिए हानिकारक है। इसलिए सभी को इसमें सहयोग करते हुए भागीदारी करनी चाहिए और अपने पेयजल कनेक्शन को सुरक्षित करते हुए नालियों से बाहर रखने चाहिए ताकि जल जीवन मिशन योजना के तहत सभी को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध हो सके। पेयजल से संबधित समस्या के समाधान के लिए उपभोक्ता विभाग के टोल फ्री नंबर 18001805678 पर अपनी शिकायत दर्ज करवा सकते हैं।
इस अवसर पर पंप ऑपरेटर राजेश, विनीत, राजबीर सहित गांव के गणमान्य व्यक्ति मौजूद थे।
