December 22, 2025

दिल्ली में जाइंट किलर बनकर उभरे प्रवेश वर्मा, सीएम की रेस में हैं सबसे आगे

नई दिल्ली: कोई खिलाड़ी जो अप्रत्याशित रूप से एक अधिक मजबूत प्रतिद्वंद्वी को हरा देता है तो उसे जायंट किलर कहा जाता है। राजनीति में भी ऐसे ही नाम हैं। दिल्ली के चुनाव में बीजेपी की प्रचंड जीत की चर्चा तो चारों तरफ है ही, लेकिन इस जीत के साथ ही एक हार की चर्चा भी सबसे ज्यादा हो रही है। वो हार है दिल्ली के पूर्व सीएम आम आदमी पार्टी के सर्वेसर्वा अरविंद केजरीवाल की। नई दिल्ली विधानसभा सीट पर भाजपा नेता प्रवेश साहिब सिंह वर्मा ने आम आदमी पार्टी के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को हरा दिया है। प्रवेश वर्मा के अरविंद केजरीवाल को नई दिल्ली विधानसभा सीट पर हराने के बाद उन्हें एक बड़े नेता के रूप में देखा जा रहा है।

नई दिल्ली सीट से आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक और पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को हराने के बाद भारतीय जनता पार्टी के उम्मीदवार प्रवेश साहिब सिंह वर्मा को एक जायंट किलर के रूप में देखा जा रहा है। लोकसभा के पूर्व सदस्य वर्मा ने आप समर्थकों को चौंका दिया क्योंकि केजरीवाल आम आदमी पार्टी का मुख्य चेहरा थे। वर्मा ने केजरीवाल को एक कठिन मुकाबले में 3,000 से अधिक वोटों से धूल चटा दी। दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री साहिब सिंह वर्मा के बेटे प्रवेश वर्मा ने अपनी जीत का श्रेय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और दिल्ली की जनता को दिया। नई दिल्ली सीट से आम आदमी पार्टी संयोजक अरविंद केजरीवाल को करारी मात देने व कई अन्य कारणों से प्रवेश वर्मा को दिल्ली में मुख्यमंत्री पद के सशक्त उम्मीदवार के रूप में भी देखा जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *