यौन शोषण मामले में बृजभूषण शरण सिंह को क्लीन चिट
दिल्ली पुलिस ने नाबालिग के यौन शोषण मामले में बृजभूषण शरण सिंह को क्लीन चिट दे दी है। दिल्ली पुलिस ने आज पटियाला हाउस कोर्ट में एक हजार पन्नों की चार्जशीट सौंपी है जो कि पहलवानों के आरोपों पर आधारित है जबकि दूसरी 550 पन्नों की नाबालिग के यौन शोषण मामले में क्लोजर रिपोर्ट है। इस रिपोर्ट में पुलिस ने कहा है कि जांच में यौन शोषण के कोई सबूत नहीं मिले हैं। बता दें कि नाबालिक पहलवान ने पहले बृजभूषण शरण सिंह पर यौन शोषण के आरोप लगाए थे लेकिन बाद में बयान बदलते हुए कहा था कि बृजभूषण ने उसका यौन शोषण नहीं किया था, सिर्फ ट्रायल में भेदभाव किया था। इस मामले की अगली सुनवाई 4 जुलाई को होगी। पिछले दिनों बृजभूषण के विरुद्ध कार्रवाई की मांग को लेकर पहलवान खेल मंत्री से भी मिले थे व 15 जून तक मामले में कार्रवाई करने का अल्टीमेटम दिया था। खेल मंत्री अनुराग ठाकुर ने भी पहलवानों को आश्वासन दिया था कि दिल्ली पुलिस 15 जून तक न्यायालय में संबंधित रिपोर्ट सौंप देगी। यहां बता दें कि बृजभूषण शरण सिंह पर यौन शोषण के आरोपों को लेकर पहलवानों ने 18 जनवरी को दिल्ली के जंतर मंतर में धरना प्रदर्शन शुरू किया था। इस मामले में दिल्ली पुलिस ने 28 अप्रैल को दो केस दर्ज किए थे इसमें एक मामला 6 पहलवानों के आरोपों पर आधारित था जबकि दूसरा मामला नाबालिग पहलवान के यौन शोषण को लेकर था।
