February 15, 2026

आज अंतिम सांस ले रहा है नक्सलवाद: अमित शाह

नई दिल्ली: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने मंगलवार को बताया कि ओडिशा-छत्तीसगढ़ सीमा पर केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ), विशेष अभियान समूह (एसओजी) ओडिशा और छत्तीसगढ़ पुलिस के संयुक्त अभियान में 14 नक्सलियों को मार गिराया गया, जो ‘नक्सलवाद पर एक और बड़ा प्रहार’ है। शाह ने कहा कि ‘नक्सल मुक्त भारत’ के संकल्प और सुरक्षा बलों के संयुक्त प्रयासों से नक्सलवाद आज अंतिम सांस ले रहा है।गृह मंत्री ने एक्स पर पोस्ट करते हुए कहा, ‘नक्सलवाद पर एक और करारा प्रहार। हमारे सुरक्षा बलों ने नक्सल मुक्त भारत के निर्माण की दिशा में बड़ी सफलता हासिल की है। सीआरपीएफ, एसओजी ओडिशा और छत्तीसगढ़ पुलिस ने ओडिशा-छत्तीसगढ़ सीमा पर एक संयुक्त अभियान में 14 नक्सलियों को मार गिराया। नक्सल मुक्त भारत के हमारे संकल्प और हमारे सुरक्षा बलों के संयुक्त प्रयासों से, नक्सलवाद आज अंतिम सांस ले रहा है।’बता दें कि छत्तीसगढ़ के गरियाबंद में पिछले 36 घंटे से नक्सलियों और सुरक्षाबलों की मुठभेड़ जारी है। इस मुठभेड़ में अब तक कुल 16 नक्सलियों के मारे जाने की जानकारी सामने आई है। सूत्रों के मुताबिक इस मुठभेड़ में 1 करोड़ का इनामी नक्सली भी मारा गया है। नक्सलियों के पास से भारी मात्रा में हथियार भी बरामद किए गए हैं।मिली जानकारी के मुताबिक कल सुबह से कुल्हाड़ीघाट के भालुडिग्गी की पहाड़ियों पर सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ जारी है। एक दिन पहले मुठभेड़ के बाद की गई सर्चिंग के दौरान कल दो नक्सलियों के शव मिले थे, जिनमें से एक महिला है। सोमवार देर रात और मंगलवार सुबह छत्तीसगढ़-ओडिशा सीमा पर मैनपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत एक जंगल में फिर से गोलीबारी हुई, जिसमें 12 और नक्सली मारे गए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *